बेबी  सूट तैयार कर आत्मनिर्भर बनी नैनीताल सबाना

WhatsApp Channel Join Now
बेबी  सूट तैयार कर आत्मनिर्भर बनी नैनीताल सबाना


नैनीताल, 25 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आत्मनिर्भर उत्तराखंड के संकल्प के बीच नैनीताल की सबाना ने हुनर और मेहनत के दम पर अलग पहचान बनाई है। उन्होंने घर से बेबी सूट बनाने का छोटा काम शुरू किया और प्रशिक्षण के माध्यम से कढ़ाई एवं एप्लीक वर्क में दक्षता हासिल की।

सबाना का कहना है कि हस्तशिल्प विभाग से आर्टिजन कार्ड मिलने के बाद उन्हें विभिन्न प्रदर्शनियों एवं मेलों में अपने उत्पाद प्रदर्शित करने और बेचने के अवसर मिले। नाबार्ड के सहयोग से भी उन्हें बाजार उपलब्ध हुआ, जिससे उनके काम को विस्तार मिला। काम बढ़ने के साथ सबाना ने अन्य महिलाओं को भी कढ़ाई एवं एप्लीक वर्क का प्रशिक्षण देना शुरू किया। अब कई महिलाएं मिलकर ऑर्डर तैयार कर रही हैं और इससे उन्हें रोजगार एवं आय का अवसर मिल रहा है।

सबाना अब स्वयं प्रशिक्षक के रूप में महिलाओं को हुनर सिखा रही हैं। उनका लक्ष्य अधिक से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ना और स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाना है। सबाना की कहानी बताती है कि प्रशिक्षण, अवसर और मेहनत के साथ घर से शुरू किया गया छोटा हुनर भी आत्मनिर्भरता और रोजगार का मजबूत माध्यम बन सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story