नैनीताल में 24 घंटे में 22.9 मिमी वर्षा, 13 सड़कें बंद
नैनीताल, 18 अगस्त (हि.स.)। नैनीताल जनपद में पिछले 24 घंटे के दौरान औसतन 22.9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गयी है। सबसे अधिक 75 मिलीमीटर वर्षा कालाढूंगी में हुई, जबकि रामनगर में 53, चोरगलिया में 32, नैनीताल में 23, हल्द्वानी में 21, बेतालघाट में 13.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गयी है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार वर्षा के कारण दो राज्य मार्ग, एक मुख्य जिला मार्ग और 10 ग्रामीण मार्ग सहित कुल 13 सड़कें बाधित हैं, जबकि भुजियाघाट और रामगढ़ क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। संबंधित विभाग मार्ग खोलने और विद्युत आपूर्ति बहाल करने में जुटे हैं।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की सूचना के अनुसार एक जून से अब तक जनपद में इस वर्ष कुल मिलाकर 663.39 मिलीमीटर संचयी वर्षा दर्ज की गयी है। ताजा वर्षा के प्रभाव से जनपद की गौला, कोसी और नंधौर नदियों का जलस्तर सामान्य सीमा में है। लेकिन राज्य मार्ग गर्जिया घुघुतीधार-बेतालघाट-मुक्तेश्वर, रामनगर-भंडारपानी-बोहराकोट मोटर मार्ग किमी संख्या 42 व 48, 49 पर और बेतालघाट-भतरौजखान-तोराड़ा मुख्य जिला मार्ग के साथ फतेहपुर-बेल, छीड़ाखान-अमजोड़ी, खनस्यू-रीखाकोट, देवीपुरा-सौड़, मंगोली-थापला, छड़ा-बेघरनाला, बजून-जोग्यूड़ा, नैनीताल-सैनिटोरियम-सिरोड़ी सहित अन्य मार्ग बंद हैं, और इन्हें खोलने का कार्य जारी है।
आपदा सूचना के अनुसार इस वर्ष अब तक तीन लोगों की मृत्यु हुई है, छह आंशिक भवनों और 20 आंगन की दीवारों को क्षति पहुंची है, जबकि एक छोटे पशु की भी मृत्यु हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

