नैनीताल में 217 मिमी वर्षा, भारी बारिश से नैनीताल जिले में 47 सड़कें बंद, 3 घरों के आंगन क्षतिग्रस्त
नैनीताल, 02 सितंबर (हि.स.)। पिछले 48 घंटों में हुई भारी बारिश से नैनीताल जिले में 47 सड़कें बंद हो गई हैं। इनमें 3 राज्य मार्ग, 3 मुख्य जिला मार्ग और 41 ग्रामीण मार्ग शामिल हैं। बारिश से 3 घरों के आंगन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। सुबह 8 बजे तक बीते 24 घंटों में नैनीताल में सर्वाधिक 217 मिलीमीटर, हल्द्वानी-काठगोदाम में 166, मुक्तेश्वर व चोरगलिया में 107-107 तथा श्रीकैंची धाम में 105 मिलीमीटर और पूरे नैनीताल जिले में औसतन 86 मिमी बारिश हुई है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की दो सितंबर की सूची के अनुसार बंद राज्य मार्गों में गरजिया-बेतालघाट-खैरना, खुटानी-भवाली-धानाचूली, रामनगर-भण्डारपानी-बेतालघाट और सुयालबाड़ी-ओड़ाखान शामिल हैं। मुख्य जिला मार्गों में पाण्डेगांव-रानीकोटा गोतिया, मोना-ल्यौशाल-कालापातल तथा मोना-ल्वेशाल-कालापातल मार्ग बंद हैं। इसके अलावा भवाली, नैनीताल, ज्योलीकोट, हल्द्वानी और काठगोदाम खंडों के 40 से अधिक ग्रामीण मार्ग भी बाधित हैं।
भारी बारिश से नैनीताल, हल्द्वानी, रामनगर, भवाली और आसपास के क्षेत्रों में मलबा आने तथा जलभराव से आवागमन प्रभावित हुआ है। गौला, कोसी और नंधौर नदियों का जलस्तर बढ़ा है, जबकि नैनीताल झील का जलस्तर बढ़ने पर गेट खोलने पड़े हैं। गौला नदी का जलस्तर 18612 व कोसी नदी का 19016 क्यूसेक दर्ज किया गया है। प्रशासन के अनुसार संबंधित खंडों द्वारा मार्ग खोलने की कार्रवाई जारी है।
इसके अतिरिक्त ग्राम जलना नील पहाड़ी निवासी महेंद्र पाल पुत्र जयराम व मनोहर लाल पुत्र किशन राम तथा ग्राम अनर्पा निवासी चंदन सिंह असगोला पुत्र प्रताप सिंह के घरों के आंगन आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

