पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को नैनीताल पुलिस ने दी श्रद्धांजलि
नैनीताल, 21 अक्टूबर (हि.स.)। कर्तव्य पथ पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के वीर जवानों की स्मृति में बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन नैनीताल में पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया।
इस अवसर पर कुमाऊं परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक निवेदिता कुकरेती और नैनीताल के डॉ. मंजूनाथ टीसी ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर अमर जवानों के साहस, शौर्य और बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम में बताया गया कि एक सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक देशभर में कुल 154 पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के अधिकारी और कर्मचारी कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए बलिदान हो गये। इस दौरान उत्तराखंड पुलिस के जनपद टिहरी गढ़वाल के शहीद उपनिरीक्षक विनोद कुमार के बलिदान और उनके साहसिक कार्यों का स्मरण किया गया।
इसके बाद सुसज्जित सलामी गारद ने शोक शस्त्र के साथ शोक सलामी दी गयी। उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र एवं श्रद्धा सुमन अर्पित कर वीर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में नैनीताल के पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र, हल्द्वानी के पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह, पुलिस अधीक्षक-संचार रेवाधर मठपाल, नैनीताल की क्षेत्राधिकारी अंजना नेगी, रामनगर के क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल, नैनीताल के मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार, रिजर्व पुलिस लाइन नैनीताल के प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह सहित जनपद के विभिन्न थानों, चौकियों और शाखाओं के प्रभारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

