नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार
नैनीताल, 13 अगस्त (हि.स.)। हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र में 13 वर्षीय नाबालिग के साथ कबाड़ का काम करने वाले एक युवक के द्वारा कथित तौर पर दुष्कर्म और मारपीट किये जाने की घटना सामने आयी।
इस मामले में मुखानी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित मोहम्मद आजम उर्फ अफजल को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि नाबालिगों के विरुद्ध अपराधों के प्रति नैनीताल पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है और ऐसे मामलों में कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
नैनीताल पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार 13 अगस्त को पीड़ित नाबालिग के परिजनों ने घटना के बाद पुलिस में शिकायत की। इस पर कोतवाली मुखानी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 137(2) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 3ध्4 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले की विवेचना उपनिरीक्षक दीपा जोशी को सौंपी गई। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण व प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 40 वर्षीय मोहम्मद आजम उर्फ अफजल, निवासी कायमगंज तहसील बिलासपुर, उत्तर प्रदेश और वर्तमान निवासी भूरा मुल्ला, अब्दुल्ला पेट्रोल पंप के पास मुखानी को कुछ घंटों के बीच गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

