ओखलकांडा में कृषि विभाग की सामग्री ले जा रहा मालवाहक खाई में गिरा, चालक की मौत, तीन घायल

WhatsApp Channel Join Now
ओखलकांडा में कृषि विभाग की सामग्री ले जा रहा मालवाहक खाई में गिरा, चालक की मौत, तीन घायल


नैनीताल, 10 अगस्त (हि.स.)। नैनीताल जनपद के भीमताल विकासखंड के ओखलकांडा क्षेत्र में सोमवार दोपहर कृषि विभाग की सामग्री लेकर हल्द्वानी से मल्ला ओखलकांडा जा रहा एक मालवाहक मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।

दुर्घटना में वाहन चालक 25 वर्षीय कमल जोशी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सहायक कृषि अधिकारी सहित तीन लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ओखलकांडा पहुंचाया गया, जहां से दो घायलों को बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी एसटीएच भेजा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना सोमवार दोपहर लगभग 1.30 बजे हुई। सिंचाई सामग्री लेकर जा रहा मालवाहक वाहन संख्या यूके04सीबी-1819 अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना में मृतक वाहन चालक कमल जोशी धानाचूली निवासी बताए गए हैं। दुर्घटना में सहायक कृषि अधिकारी 59 वर्षीय दीवान सिंह मेहता, 24 वर्षीय रोहित कुमार और 27 वर्षीय पंकज बिष्ट घायल हुए हैं। प्रशासन और पुलिस टीम के साथ स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।

ओखलकांडा के समाजसेवी प्रकाश नैनवाल ने बताया कि दीवान सिंह मेहता और पंकज बिष्ट को हल्द्वानी के डॉ.सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय के लिये संदर्भित किया गया है। दुर्घटना की सूचना मिलने पर प्रदेश के काबीना मंत्री व क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा भी मौके के लिए रवाना हुए और जिला प्रशासन को मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने तथा घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story