ग्रामीण महिलाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिये चिया ने दिया चार दिवसीय ‘डिजिटल सखी’ प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
ग्रामीण महिलाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिये चिया ने दिया चार दिवसीय ‘डिजिटल सखी’ प्रशिक्षण


नैनीताल, 19 नवंबर (हि.स.)। ग्रामीण महिलाओं को डिजिटल तकनीक से जोड़ने और उन्हें सरकारी सेवाओं एवं डिजिटल वित्तीय लेनदेन के प्रति सक्षम बनाने के उद्देश्य से सेंट्रल हिमालयन एनवायरनमेंट एसोसिएशन (चिया) के मुख्यालय नैनीताल में चार दिवसीय ‘डिजिटल सखी’ प्रशिक्षण एवं क्षमता संवर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) के सहयोग से आयोजित यह प्रशिक्षण 16 नवंबर को शुरू हुआ था। इसमें अल्मोड़ा जनपद की ग्राम पंचायत बजीना, ख्यालाकोट, बमस्यूं एवं ईड़ा की ग्रामीण महिलाओं ने प्रतिभाग किया।

कार्यशाला का शुभारंभ 16 नवंबर को यूएनडीपी के प्रतिनिधि डॉ. प्रदीप मेहता एवं काव्या मोहन की उपस्थिति में हुआ। महिलाओं को डिजिटल तकनीक के प्रति जागरूक करने, सरकारी सेवाओं तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने, डिजिटल वित्तीय लेनदेन में सक्षम बनाने तथा स्वरोजगार एवं आजीविका के नये अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला के प्रथम चरण का गुरुवार को समापन हो गया।

प्रशिक्षण के दौरान चिया के विशेषज्ञों ने स्मार्टफोन के बुनियादी उपयोग, मोबाइल सेटिंग्स, सामान्य तकनीकी समस्याओं का समाधान और व्हाट्सऐप के विभिन्न फीचर्स की जानकारी दी गयी। महिलाओं को जीमेल खाता बनाने, ई-मेल लिखने तथा डिजिटल लॉकर (डिजिलॉकर) पर खाता खोलकर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

यूएनडीपी के सुमित सोनी एवं सत्य प्रिया ने महिलाओं को ‘अपणी सरकार’ पोर्टल और उमंग ऐप की जानकारी देने के साथ इनके उपयोग का अभ्यास कराया। मौसम एवं आपदा संबंधी पूर्व जानकारी के लिए मेघदूत और दामिनी ऐप से भी परिचित कराया गया। इसके अतिरिक्त कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) की ऑनलाइन बुकिंग, मनरेगा, वीबी-जी राम जी, एसएमएएम योजना और ड्रोन दीदी पहल के बारे में जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान साइबर सेल के निरीक्षक बीएल कुशवाह ने डिजिटल सुरक्षा, साइबर धोखाधड़ी और ऑनलाइन माध्यमों पर महिलाओं की सुरक्षा विषय पर विशेष सत्र लिया। उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित डिजिटल लेनदेन, व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता बनाये रखने और आवश्यक हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। वहीं मंगोली स्थित कॉमन सर्विस सेंटर के संचालक आनंद मेहरा ने सीएससी के संचालन तथा इसके माध्यम से उपलब्ध विभिन्न सेवाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी।

चिया के प्रभारी अधिशासी निदेशक कुंदन बिष्ट ने कहा कि ‘डिजिटल सखी’ प्रशिक्षण ग्रामीण महिलाओं को डिजिटल रूप से सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे महिलाएं स्वयं डिजिटल सेवाओं का उपयोग करने के साथ अपने गांव की अन्य महिलाओं और ग्रामीण समुदाय को भी इन सेवाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगी।

समापन सत्र की अध्यक्षता करते हुए चिया के अवैतनिक सचिव प्रो. आशीष तिवारी ने डिजिटल साक्षरता एवं सुरक्षा के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार रखे। कार्यशाला का संचालन यूएनडीपी के डॉ. प्रदीप मेहता, काव्या मोहन और चिया की परियोजना सहायक मनीषा पंत ने किया। इस अवसर पर चिया की दीपा उपाध्याय, धीरज जोशी, विनीता वर्मा, पंकज बजैठी, राम सिंह और नीमा रौतेला भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779765 Articles

Share this story