लेक ब्रिज चुंगी की निविदा की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित, दो सप्ताह में मांगी रिपोर्ट
नैनीताल, 20 जुलाई (हि.स.)। नैनीताल नगर पालिका परिषद की लेक ब्रिज चुंगी संबंधी निविदा को लेकर उठे विवाद के बीच जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन कर दिया है। समिति को दो सप्ताह के भीतर जांच पूरी कर निष्कर्षों सहित अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि विभिन्न सूचना स्रोतों से प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पालिका परिषद द्वारा लेक ब्रिज चुंगी के संबंध में की गई निविदा का जनमानस में विरोध हो रहा है। जनभावनाओं और विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने का निर्णय लिया गया है। गठित जांच समिति में उप जिलाधिकारी नैनीताल, डॉ. आरएस टोलिया उत्तराखंड प्रशासन अकादमी के उप निदेशक (वित्त) तथा लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड नैनीताल के अधिशासी अभियंता को सदस्य बनाया गया है।
समिति यह जांच करेगी कि तकनीकी निविदा अधिप्राप्ति नियमावली के अनुरूप संपन्न हुई या नहीं, निविदा प्रक्रिया सेवा शर्तों एवं निर्धारित नियमों का पालन करते हुए संपन्न की गई या नहीं तथा नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम, 1916 की धारा-96 के प्रावधानों के अनुरूप आयोजित की गई थी अथवा नहीं। जिलाधिकारी ने समिति को निर्देश दिए हैं कि सभी पहलुओं की विस्तृत जांच कर दो सप्ताह के भीतर तथ्यों और निष्कर्षों सहित अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

