नगर निगम का बजट मंथन: किराया बढ़ाने का फैसला, टैक्स में 25 प्रतिशत छूट से जनता को राहत

WhatsApp Channel Join Now
नगर निगम का बजट मंथन: किराया बढ़ाने का फैसला, टैक्स में 25 प्रतिशत छूट से जनता को राहत


हल्द्वानी , 25 मार्च (हि.स.)। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम में आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 को लेकर अहम फैसले लिए गए हैं। नगर निगम सभागार में महापौर गजराज सिंह बिष्ट और नगर आयुक्त परितोष वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यकारिणी बैठक में बजट प्रस्तावों पर विचार करते हुए राजस्व बढ़ाने के साथ-साथ करदाताओं को राहत देने वाले कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में नगर निगम की आय बढ़ाने के उद्देश्य से निगम के स्वामित्व वाली दुकानों के किराए में वृद्धि का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही विभिन्न नामांतरण प्रस्तावों को भी स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं नव सम्मिलित क्षेत्रों के व्यवसायिक भवनों के लिए राहत भरा फैसला लेते हुए यह तय किया गया कि 31 मार्च 2026 से पहले संपत्ति कर जमा करने पर 25 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।

इसके अलावा नगर निगम ने करदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए एक और बड़ा निर्णय लिया है। जिन भवन स्वामियों का 1 अप्रैल 2026 तक कोई बकाया नहीं होगा, उन्हें वित्तीय वर्ष 2026-27 में भी 31 जुलाई 2026 तक भवन एवं स्वच्छता कर जमा करने पर 25 प्रतिशत की छूट का लाभ मिलेगा।

नगर निगम के इन फैसलों को एक ओर जहां राजस्व सुदृढ़ करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है, वहीं करदाताओं को दी गई छूट से आम जनता को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story