मसूरी में बदला मौसम का मिजाज, बारिश और ओलावृष्टि से लौटी ठंड

WhatsApp Channel Join Now
मसूरी में बदला मौसम का मिजाज, बारिश और ओलावृष्टि से लौटी ठंड


मसूरी, 30 अप्रैल (हि.स.)। पहाड़ों की रानी मसूरी में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट बदल ली। दोपहर बाद तेज बारिश और भारी ओलावृष्टि के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे पिछले कई दिनों से पड़ रही गर्मी से लोगों को राहत मिली। ठंड बढ़ने पर स्थानीय लोगों और पर्यटकों को एक बार फिर गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा।

मसूरी और आसपास के इलाकों में हुई ओलावृष्टि से सड़कों, छतों और खुले स्थानों पर बर्फ जैसी सफेद परत जम गई। मौसम के इस बदले रूप ने स्थानीय लोगों को भी चौंका दिया। ठंडी हवाओं और लगातार बारिश से पूरे क्षेत्र में सर्द मौसम लौट आया। ओलावृष्टि का असर ग्रामीण क्षेत्रों में भी देखने को मिला है। किसानों और काश्तकारों ने फसलों को नुकसान की आशंका जताई है। इस समय खेतों में खड़ी सब्जियों और फलों की फसलें प्रभावित हो सकती हैं, जिससे आर्थिक नुकसान का खतरा बढ़ गया है।

मौसम के इस बदले मिजाज का आनंद लेने देश-विदेश से आए पर्यटक उत्साहित नजर आए। माल रोड मसूरी और गन हिल जैसे प्रमुख स्थलों पर पर्यटक बारिश के बीच घूमते और तस्वीरें खिंचवाते दिखाई दिए। कई पर्यटकों ने इस मौसम को “दिलकश और यादगार” बताया।

मौसम विभाग ने पहले ही पर्वतीय क्षेत्रों में अगले तीन दिनों तक बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई थी। चेतावनी के मद्देनज़र प्रशासन ने संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और पहाड़ी क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story