मसूरी नगर पालिका को बम से उड़ाने की धमकी, खाली कराया गया परिसर

WhatsApp Channel Join Now
मसूरी नगर पालिका को बम से उड़ाने की धमकी, खाली कराया गया परिसर


देहरादून, 23 जून (हि.स.)। मसूरी की नगर पालिका को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी के बाद मंगलवार को नगर पालिका परिसर को खाली कराया गया। बम निरोधक दस्ता की टीम और डॉग स्क्वाड ने पूरे परिसर की जांच की। फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

दरअसल, नगर पालिका परिषद और एसडीएम कार्यालय को एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ। कथित तौर पर खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से भेजे गए इस ई-मेल में नगर पालिका कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस, खुफिया विभाग, साइबर सेल और बम निरोधक दस्ता (बम स्क्वॉड) तत्काल सक्रिय हो गया और पूरे नगर पालिका परिसर को खाली करा दिया गया। सुरक्षा के मद्देनजर नगर पालिका के सभी कर्मचारियों को भवन से बाहर निकाल दिया गया तथा आम लोगों के प्रवेश पर भी अस्थायी रोक लगा दी गई। नगर पालिका परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर बम स्क्वॉड की टीम ने घंटों तक सघन तलाशी अभियान चलाया।

बम निरोधक दस्ते ने नगर पालिका भवन के सभी कमरों, रिकॉर्ड रूम, कार्यालयों, छत, पार्किंग और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की। हर संदिग्ध स्थान को खंगाला गया, लेकिन जांच के दौरान कोई विस्फोटक सामग्री या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।

बम स्क्वॉड के अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी लावारिस बैग, डिब्बे या संदिग्ध वस्तु को हाथ न लगाएं। ऐसी किसी भी वस्तु की जानकारी होने पर तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम या स्थानीय पुलिस को दें।

मसूरी के कोतवाल देवेंद्र चौहान ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। सुरक्षा के दृष्टिगत सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं और फिलहाल किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है।

नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि धमकी भरे ई-मेल के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और पुलिस, खुफिया विभाग तथा साइबर सेल को पूरा सहयोग दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मसूरी देश का प्रमुख पर्यटन स्थल है और इस तरह की धमकियां पर्यटन गतिविधियों को प्रभावित कर सकती हैं। हालांकि लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है और प्रशासन पूरी तरह स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story