टिहरी पहुंचने पर एमटीबी साइकिल रेस का स्वागत

WhatsApp Channel Join Now
टिहरी पहुंचने पर एमटीबी साइकिल रेस का स्वागत


टिहरी पहुंचने पर एमटीबी साइकिल रेस का स्वागत


नई टिहरी, 24 नवंबर (हि.स.)। अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालय एमटीबी चैलेंज 2026 के अंतर्गत आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय एमटीबी साइकिल रेस जिला मुख्यालय के कोटी कॉलोनी पहुंची। पर्यटन विभाग और साइकिल फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रेस में भारतीय सेना के जवानों सहित देश के विभिन्न राज्यों के कुल 75 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।

जिला पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा ने बताया कि एमटीबी साइकिल रेस के आयोजन में प्रतिभागियों के साथ मेडिकल टीम, एसडीआरएफ, साइकिल फेडरेशन ऑफ इंडिया के सदस्य, तकनीकी दल सहित लगभग 150 लोग शामिल हैं।

बुधवार (आज) को रेस कोटी कॉलोनी से उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ के लिए रवाना होगी। बताया कि रेस भागीरथीपुरम कुट्ठा सहित निर्धारित मार्ग से होते हुए चिन्यालीसौड जाएगी। 26 नवंबर को मसूरी में यात्रा का समापन होगा। कहा कि राष्ट्रीय स्तर के साहसिक खेल आयोजनों से उत्तराखंड में खेल एवं एडवेंचर गतिविधियों के प्रति युवाओं सहित आमजन का आकर्षण बढ़ेगा। वहीं साहसिक पर्यटन को नई पहचान मिलेगी।

टिहरी झील एवं आसपास के प्राकृतिक एवं पर्यटन स्थलों को इस तरह के आयोजनों के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का सरकार का प्रयास है। ऐसे आयोजन स्थानीय पर्यटन कारोबार, होटल व्यवसाय, होमस्टे, परिवहन एवं स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेंगे। राणा ने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, पर्वतीय मार्गों और साहसिक खेलों के अनूठे संगम के माध्यम से प्रदेश को देश के प्रमुख एडवेंचर टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में यह महत्वपूर्ण साबित होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782263 Articles

Share this story