पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज जल्द होगा संचालित: अजय टम्टा

WhatsApp Channel Join Now
पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज जल्द होगा संचालित: अजय टम्टा


पिथौरागढ़, 19 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने बुधवार को पिथौरागढ़ में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज सीमांत जनपद के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना है और इसे जल्द संचालित किया जाएगा, जिससे जनपद सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन भवन के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्वक एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि जहां भी निर्माण कार्य में कमी अथवा तकनीकी समस्या दिखाई दे, उसे तत्काल दूर किया जाए।

टम्टा ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को निर्देश दिए कि वे कॉलेज के संपूर्ण प्रारूप एवं निर्माण कार्य का लगातार अवलोकन करें तथा समय-समय पर निर्माण स्थल का निरीक्षण करते रहें। उन्होंने कहा कि कॉलेज के संचालन से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से सुनिश्चित किया जाना जरूरी है, ताकि मरीजों, चिकित्सकों, विद्यार्थियों एवं अन्य स्टाफ को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

केंद्रीय मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शेष निर्माण एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के संचालन से पिथौरागढ़ और सीमांत क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी तथा लोगों को गंभीर एवं विशेषज्ञ उपचार के लिए अन्य बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी।

निरीक्षण के दौरान राज्य दर्जा मंत्री गणेश भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, मेयर कल्पना देवलाल, जिलाधिकारी आशीष भटगांई तथा संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि तथा मेडिकल कॉलेज प्रशासन से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।

---

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story