ज्योलीकोट के पास चलते ट्रक में लगी आग, धमाकों से मची अफरा-तफरी

WhatsApp Channel Join Now
ज्योलीकोट के पास चलते ट्रक में लगी आग, धमाकों से मची अफरा-तफरी


नैनीताल, 13 अक्टूबर (हि.स.)। नैनीताल जनपद में बरेली-बागेश्वर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 109 पर ज्योलीकोट से लगभग एक किलोमीटर पहले नलेना के यू-बैंड पर मंगलवार सुबह लगभग 6.30 बजे एक ट्रक संख्या यूके04सीबी-2466 में अचानक आग लग गई। ट्रक हल्द्वानी से द्वाराहाट जा रहा था। ट्रक में खाद्य सामग्री सहित अन्य सामान लदा था। आग के बीच धमाकों की आवाज से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। चालक दीप बिष्ट ने ट्रक से कूदकर जान बचाई।

चालक दीप बिष्ट के अनुसार उसे पहले आग का पता नहीं चला। उसके ट्रक के पीछे चल रहे वाहन के चालक ने आग लगने की सूचना दी। सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ट्रक में पटाखे होने की संभावना के चलते आग बुझाने में परेशानी हुई। सुरक्षा के लिए यातायात रोके जाने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759844 Articles

Share this story