कुमाऊं विश्वविद्यालय की अधिकांश बैठकें अब ऑनलाइन होंगी

WhatsApp Channel Join Now
कुमाऊं विश्वविद्यालय की अधिकांश बैठकें अब ऑनलाइन होंगी


नैनीताल, 14 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री की मितव्ययिता, संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग और डिजिटल माध्यमों को बढ़ावा देने की अपील का प्रभाव अब शैक्षणिक एवं प्रशासनिक संस्थानों में भी दिखाई देने लगा है।

इसी क्रम में कुमाऊं विश्वविद्यालय ने आगामी आदेशों तक अधिकांश बैठकों को ऑनलाइन माध्यम से आयोजित करने का निर्णय लिया है, वहीं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के ईंधन बचत एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे गुरुवार को स्वयं पैदल चलकर कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों-कर्मचारियों से भी अनावश्यक वाहन उपयोग से बचने की अपील की।

इधर, विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलसचिव द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार विश्वविद्यालय की वैधानिक निकायों की बैठकें, शोध की मौखिक परीक्षाएं तथा विभिन्न संकायों एवं विभागों की बैठकें अब ऑनलाइन आयोजित की जाएंगी। केवल अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों में कुलपति की पूर्व अनुमति से ऑफलाइन बैठकें हो सकेंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस व्यवस्था से समय, यात्रा और प्रशासनिक व्ययों में कमी आने के साथ कार्य निष्पादन में तेजी तथा डिजिटल कार्यसंस्कृति को प्रोत्साहन मिलेगा।

दूसरी ओर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में ईंधन संरक्षण आवश्यक है तथा छोटी दूरी के लिए पैदल चलने की आदत से ईंधन बचत, प्रदूषण नियंत्रण और स्वास्थ्य संवर्धन में सहायता मिलेगी। उन्होंने भीमताल विकास भवन परिसर सहित विकास विभाग से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों से ईंधन बचत अभियान को जन सहभागिता के रूप में अपनाने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story