जिला गंगा समिति की बैठक में एसटीपी की मासिक प्रगति पर चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
जिला गंगा समिति की बैठक में एसटीपी की मासिक प्रगति पर चर्चा


नई टिहरी, 28 नवंबर (हि.स.)। डीएम नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति की बैठक में जिले में संचालित व कार्यरत सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की मासिक प्रगति व संचालन संबंधी रिपोर्ट की समीक्षा की गई। साथ ही निर्माणाधीन एसटीपी प्लांट की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई।

शनिवार को मुनिकीरेती में आयोजित बैठक में डीएम ने जल संस्थान, जल निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे वार्डवार सीवर लाइन की स्थिति, सीवर लाइन से जुड़े हाउसहोल्ड की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिला गंगा समिति को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। सभी डिवीजनों के अंतर्गत होटलों को जारी किए गए नोटिस एवं पारित आदेशों की प्रतियां तथा उन पर की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।

बैठक में जिले में सीवर लाइन की वर्तमान स्थिति, सीवर नेटवर्क से भवनों के संयोजन व शेष भवनों को सीवर लाइन से जोड़ने के संबंध में भी विस्तृत चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) से संबंधित दो प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उनके निस्तारण एवं अनुपालन की स्थिति पर विचार-विमर्श किया गया। उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की मासिक रिपोर्ट के अनुसार जिले में संचालित सभी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित पाए गए हैं।

एनजीटी के आदेशों के क्रम में तपोवन क्षेत्र में एसटीपी प्लांट स्थापित न किए जाने के संबंध में 38 होटलों को नोटिस जारी किए हैं। नरेंद्रनगर में निर्माणाधीन 2 एमएलडी क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का 90 प्रतिशत निर्माण पूरा हो गया है। गंगा वाटिका के समीप ढालवाला में प्रस्तावित 300 केएलडी क्षमता के एसटीपी प्लांट के निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा जताई जा रही आपत्ति के संबंध में जरूरी निर्देश दिए। बैठक में नमामि गंगे के जिला परियोजना अधिकारी अरुण संबंधित उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784915 Articles

Share this story