50 स्कूलों की बदलेगी सूरत, 30 सितंबर तक पूरे होंगे काम

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 12 अगस्त (हि.स.)। जिले के प्रथम चरण में 50 सरकारी विद्यालयों का कायाकल्प किया जाएगा। विद्यालयों में स्मार्ट बोर्ड, स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशाला, आरओ और खेल उपकरण जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बुधवार को शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इसके लिए आवश्यक कार्यवाही तेज करने के निर्देश दिए।

बोर्ड परीक्षा परिणामों की समीक्षा करते हुए डीएम ने 60 प्रतिशत से कम परिणाम वाले विद्यालयों को चिन्हित कर कारणों का विश्लेषण और विशेष कार्ययोजना बनाने को कहा। बेहतर परिणाम देने वाले विद्यालयों की बेस्ट प्रैक्टिस अन्य स्कूलों में लागू करने के निर्देश भी दिए।

पीएम पोषण योजना के तहत भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए हर माह कम से कम 15 विद्यालयों का निरीक्षण और खाद्य सामग्री की नियमित जांच कराने को कहा। गैस कनेक्शन से वंचित विद्यालयों की सूची तैयार कर उन्हें सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों में देरी पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने कहा कि शुरू हो चुके कार्य 31 अगस्त, अन्य लंबित कार्य 15 सितंबर और राज्य योजना के कार्य 30 सितंबर तक पूरे किए जाएं। काम में लापरवाही करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई और जरूरत पड़ने पर ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पौष्टिक भोजन और सुरक्षित विद्यालयी वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story