एआई, हरित ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण के मॉडलों ने किया आकर्षित

WhatsApp Channel Join Now
एआई, हरित ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण के मॉडलों ने किया आकर्षित


नई टिहरी, 16 नवंबर (हि.स.)। शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही जिला मुख्यालय के जीआईसी ढुंगीधार में शिक्षा विभाग की पहल पर दो दिवसीय जिला स्तरीय विज्ञान महोत्सव शुरू हुआ। जिसमें बाल वैज्ञानिकों ने विज्ञान के मॉडलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा और नवाचार का प्रदर्शन किया। कृत्रिम बुद्धिमत्ता से लेकर हरित ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण के मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे।

सोमवार को ढुंगीधार में महोत्सव का मुख्य अतिथि विधायक किशोर उपाध्याय और पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने संयुक्त रूप से शुभारंभ किया। विधायक किशोर ने कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत सही दिशा में मेहनत और तैयारी करने की है। लक्ष्य तय कर पूरी लगन से पढ़ाई करने वाले बच्चे डॉक्टर, आईएएस और पीसीएस अधिकारी बन सकते हैं। उन्होंने बच्चों से इसी तरह आगे बढ़ते रहने और अपनी प्रतिभा को निखारने का आह्वान किया।

पालिकाध्यक्ष रावत ने कहा कि विज्ञान महोत्सव बच्चों को अपनी सोच और प्रतिभा प्रदर्शित करने का अच्छा मंच है। विज्ञान केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से जीवन की समस्याओं के समाधान भी खोजे जा सकते हैं। प्रधानाचार्य डॉ. सुशील कोटनाला की ओर से प्रकाशित पुस्तक ‘अभिज्ञान-त्रिहरी’ का विमोचन भी किया गया।

इस मौके पर सीईओ कमला बडवाल, डीईओ बेसिक डॉ. भास्कर चंद बेबनी, बीईओ तस्लीम कुरैशी, आनंदमणि पैन्यूली, जिला विज्ञान समन्वयक विजय मोहन गैरोला, महीपाल नेगी, ब्लॉक समन्वयक वीरेंद्र पुंडीर, कमलेश सकलानी, कमलेश जोशी, दिनेश जुयाल, बिमल नौटियाल, रविंद्र लसियाल, प्रमोद बिजल्वाण, जाहिद हसन, विपुल घिल्डियाल, गिरीश चंद्र सिंह राणा, किरण राणा, चक्रधर प्रसाद भद्री आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778107 Articles

Share this story