कुमाऊं कमिश्नरी में आग का मॉक अभ्यास, खुली ऐतिहासिक भवनों में अग्नि सुरक्षा के प्रबंधों की पोल

WhatsApp Channel Join Now
कुमाऊं कमिश्नरी में आग का मॉक अभ्यास, खुली ऐतिहासिक भवनों में अग्नि सुरक्षा के प्रबंधों की पोल


-20 मिनट में पहुंचीं बचाव टीमें, फायर हाइड्रेंट में पानी का दबाव भी मिला कम, मंडलायुक्त हुए नाराज

नैनीताल, 26 नवंबर (हि.स.)। नैनीताल स्थित कुमाऊँ कमिश्नरी यानी कुमाऊँ के मंडलायुक्त कार्यालय में गुरुवार को शॉर्ट सर्किट से आग लगने की काल्पनिक घटना पर अग्नि सुरक्षा के प्रबंधों का मॉक अभ्यास किया गया। इस दौरान अग्निशमन विभाग, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की आपातकालीन प्रतिक्रिया को परखा गया। अभ्यास में सभी विभागों का रिस्पॉन्स टाइम संतोषजनक रहा, लेकिन फायर हाइड्रेंट में पानी का दबाव कम होने और बिजली सहित अन्य तारों के झूलने से अग्निशमन वाहन के कमिश्नरी गेट तक नहीं पहुंच पाने जैसी गंभीर कमियां भी सामने आईं। इस पर मंडलायुक्त दीपक रावत ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि कुमाऊं कमिश्नरी अंग्रेजी दौर में 1854 से 1856 के बीच बना एक ऐतिहासिक व विरासत महत्व का भवन है। इसके पास इसी दौर में बने जिला एवं सत्र न्यायालय तथा जिला 1898 में बना जिला कलक्ट्रेट यानी जिलाधिकारी कार्यालय भवन भी स्थित है। पूर्व में 5 अक्टूबर 2010 को भीषण अग्निकांड में इस भवन के 16 कमरे जलकर राख हो गये थे। इस प्रकार मंडलायुक्त कार्यालय में आज सामने आयी अग्नि सुरक्षा की कमियां जनपद व मंडल मुख्यालय में ऐतिहासिक भवनों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की पोल भी खोलने वाली हैं।

मॉक अभ्यास के तहत अपराह्न 12.17 बजे कमिश्नरी कार्यालय में धुआं उठने की सूचना जिला आपदा कंट्रोल रूम को दी गई। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के टोल फ्री नंबर 1077 पर सूचना प्राप्त होते ही अग्निशमन विभाग और राहत एवं बचाव दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। सूचना मिलने के लगभग 20 मिनट के भीतर अग्निशमन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच पाईं।

अभ्यास के निर्धारित घटनाक्रम के अनुसार, राहत एवं बचाव दल ने सबसे पहले विद्युत आपूर्ति बंद कराई और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान आग से झुलसे दो कार्मिकों तथा भगदड़ और अफरातफरी में घायल हुए तीन अन्य कार्मिकों को सुरक्षित निकालकर बीडी पांडे जिला चिकित्सालय पहुंचाने का अभ्यास किया गया। साथ ही आसपास के प्रभावित क्षेत्र में स्थित भवनों की सुरक्षा जांच की गई तथा संभावित खतरे वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई।

अभ्यास में सामने आईं अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियां

मॉक अभ्यास के दौरान कमिश्नरी और जिला न्यायालय के समीप स्थापित फायर हाइड्रेंट में पानी का दबाव कम पाया गया। इसके अलावा बिजली के खंभों पर झूल रहे विभिन्न तारों के कारण अग्निशमन विभाग का वाहन कमिश्नरी गेट तक नहीं पहुंच सका। इन कमियों पर मंडलायुक्त दीपक रावत ने नाराजगी व्यक्त करते हुए जल संस्थान के अभियंताओं को निर्देश दिए कि ऐतिहासिक एवं लकड़ी से निर्मित भवनों सहित आग की दृष्टि से संवेदनशील सभी क्षेत्रों में स्थापित फायर हाइड्रेंट का दबाव जांचा जाए। जहां भी कमियां मिलें, उन्हें वैज्ञानिक तरीके से दूर किया जाए।

उन्होंने विद्युत तारों के साथ ही अन्य केबलों का भी परीक्षण कराने के निर्देश दिए, ताकि आपातकालीन स्थिति में अग्निशमन वाहनों की आवाजाही बाधित न हो।

मंडलायुक्त ने उन क्षेत्रों का विशेष आकलन कराने को भी कहा, जहां संकरी सड़कों, रास्तों में बनी सीढ़ियों अथवा अन्य बाधाओं के कारण अग्निशमन विभाग के बड़े वाहन नहीं पहुंच सकते। ऐसे क्षेत्रों के लिए वैकल्पिक राहत एवं अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।

मंडलायुक्त दीपक रावत ने कहा कि मॉक अभ्यास का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के बीच त्वरित समन्वय, समयबद्ध प्रतिक्रिया और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की तैयारियों को परखना था। उन्होंने अभ्यास को सफल बताते हुए सामने आई कमियों को शीघ्र दूर करने पर जोर दिया।

इस दौरान अपर आयुक्त त्रिलोक सिंह मर्तोलिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story