पूल्ड आवास की बाल वाटिका में अब बच्चों की चहक, 20 लाख से हुआ कायाकल्प

WhatsApp Channel Join Now
पूल्ड आवास की बाल वाटिका में अब बच्चों की चहक, 20 लाख से हुआ कायाकल्प


पौड़ी गढ़वाल, 02 अक्टूबर (हि.स.)। पूल्ड आवास परिसर स्थित बाल वाटिका बच्चों को समर्पित कर दी गई। 20 लाख रुपये की लागत से मरम्मत एवं पुनर्निर्माण के बाद तैयार बाल वाटिका का विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया और नगरपालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी ने लोकार्पण किया। अतिथियों ने परिसर का निरीक्षण कर बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

डीएसटीओ राम सलोने ने बताया कि पूल्ड आवास परिसर में बच्चों के खेलने के लिए पहले कोई उपयुक्त स्थान नहीं था। निरीक्षण के दौरान स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने करीब छह माह पूर्व बाल वाटिका के पुनर्निर्माण की स्वीकृति दी थी। जिला योजना के तहत 20 लाख रुपये की लागत से लोक निर्माण विभाग ने मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्य कराया। अब परिसर को बच्चों के खेल, मनोरंजन और रचनात्मक गतिविधियों के अनुकूल विकसित किया गया है।

लोकार्पण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों से संवाद कर उनकी पसंद के खेलों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। आंगनबाड़ी के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भजन प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी और अन्य अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पुरस्कार भी वितरित किए।

विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों का वातावरण भी जरूरी है। बाल वाटिका बनने से पूल्ड आवास और आसपास रहने वाले परिवारों के बच्चों को घर के नजदीक खेलने और मनोरंजन के लिए बेहतर स्थान मिलेगा। उन्होंने स्थानीय लोगों से बाल वाटिका की स्वच्छता और रखरखाव में सहयोग की अपील की।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि बाल वाटिका को बच्चों की आवश्यकताओं और रुचियों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। उन्होंने लोनिवि अधिकारियों को परिसर की साफ-सफाई, रखरखाव और अन्य व्यवस्थाएं नियमित रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बाल वाटिका का लंबे समय तक बेहतर उपयोग हो सके।

इस अवसर पर किसान आयोग के सदस्य ओम प्रकाश जुगरान, पार्षद शुभम रावत, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, एडीएम एफआर चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद, जिला ग्राम पंचायत राज अधिकारी जितेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता लोनिवि रीना नेगी, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, सहायक अभियंता अंकिता सक्सेना सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story