कोटी- रौल्यालोंकी से बौरगांव सड़क का विधायक नेगी ने किया शिलान्यास
नई टिहरी, 13 अक्टूबर (हि.स.)। प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र के थौलधार ब्लॉक में कोटी-रौल्यालोंकी से बौरगांव 0.5 किमी मिसिंग लिंक सड़क का विधायक विक्रम नेगी ने मंगलवार को पूजा-अर्चना के साथ शिलान्यास कर निर्माण कार्य शुरू कराया। 25.58 लाख रूपये की लागत से बनने वाली इस सड़क के बनने से प्रतापनगर और धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों को लाभ मिलेगा।
विधायक नेगी ने कहा कि यह सड़क भले ही लंबाई में छोटी है, लेकिन क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए इसका विशेष महत्व है। सड़क निर्माण से प्रतापनगर विधानसभा के बौर गांव, उजाड़ गांव, रत्नौं, कोटी और रौल्यालोंकी सहित धनोल्टी क्षेत्र के ढसांण गांव, गोरसारी, क्यूलागी और कोट गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
इससे चंबा, नई टिहरी और ऋषिकेश आने-जाने की भी दूरी कम होने के साथ ही ग्रामीणों का समय भी बचेगा। ग्रामीणों का तहसील मुख्यालय तक पहुंचना भी आसान होगा। विधायक ने लोनिवि के अधिकारियाें को समय से सड़क बनाने के निर्देश दिए। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बिजेंद्र रावत, ग्राम प्रधान सविता देवी, सीता देवी, विजयलाल, पूर्व प्रधान सुरेश राणा, बीडीसी जसपाल नेगी, चंदन राणा, उम्मेद बुटोला, गजेंद्र राणा, सोबत सिंह, धूरत सिंह, पृथ्वी सिंह, बब्बू रमोला, विजय सिंह मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

