जिला योजना में सप्ताह भर में संशोधन सहित तीन मांगो पर माने विधायक
उत्तरकाशी, 22 अगस्त (हि.स.)। जिला योजना की सूची में संशोधन करने, विजोटी नवोदय विद्यालय की जांच रिपोर्ट तीन दिन में दिए जाने सहित तीन सूत्रीय मांगो को पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की ओर से लिखित सहमति दिए जाने पर यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल ने शनिवार शाम को अपना धरना समाप्त कर दिया है। डोभाल ने कहा कि जिलाधिकारी ने उन्हें जिला योजना में पुर्न विचार कर सप्ताह भर में संशोधन देने के साथ ही अन्य मांगो के निस्तारण की बात कही है। वार्ता के बाद लिखित आश्वासन का आना शेष है। पत्र प्राप्त होते ही धरना समाप्त कर दिया जायेगा।
जिला योजना की सूची में यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र की योजनाओं को प्राथमिकता नहीं दिए जाने सहित नवोदय विद्यालय विजोटी के भवन निर्माण कार्य शीघ्र करने सहित अन्य मांगो को लेकर यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल और उनके समर्थकों ने गत शुक्रवार को जिला कार्यालय में प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए। लेकिन देर सांय तक कोई भी जब प्रशासन की ओर से कोई उचित आश्वासन नही मिला तो विधायक संजय डोभाल व उनके समर्थकों ने ने अनिश्चित कालीन धरना शुरू कर दिया और शुक्रवार को रात भर धरने पर डटे रहे। शनिवार सुबह भारी बारिश होने के बाद प्रदर्शनकारी कलक्ट्रेट परिसर के बरामदे में बैठ गए और मांगो को लेकर प्रदर्शन करते रहे। विधायक संजय डोभाल ने आरोप लगाया कि यमुनोत्री विधानसभा के विकास के लिए दिए गए प्रस्तावों को दरकिनार कर प्रभारी मंत्री ने अपने चहेतों को लाभ पहुंचाया है। कई ऐसे लोगों की योजनाएं भी स्वीकृत की गई हैं, जिन्होंने पहले ही इसके लिए पैसे दिए थे। उन्होंने इसके लिए प्रभारी मंत्री और जिला प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। डोभाल ने चेतावनी दी कि जब तक जिला योजना की सूची में संशोधन कर यमुनोत्री क्षेत्र को प्राथमिकता नहीं दी गई तब तक धरना जारी रहेगा।
दोपहर बाद सांय चार बजे डीएम प्रशांत आर्य उत्तरकाशी पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। जहां प्रदर्शनकारियों ने अपनी समस्याओं को डीएम आर्य के समक्ष रखा और उनके निस्तारण की मांग की। इसके बाद दोनो पक्षों के बीच वार्ता हुई। वार्ता के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल ने कहा कि जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने उन्हें जिला योजना में 29 अगस्त तक पुर्न विचार कर संशोधन करने, विजोटी नवोदय विद्यालय के निर्माण की देरी पर जांच रिपोर्ट तीन दिन के अंदर दिए जाने तथा पीएमजीएसवाई के तहत बड़कोट से उपराड़ी तक बनने वाले सड़क के लिए 50 लाख रूपए स्वीकृत कर लिाखित आश्वासन दिया है। जिसका लिखित पत्र मिलना शेष है। इसके बाद अनिश्चित कालीन धरना समाप्त कर दिया जायेगा। कहा कि यदि उनकी मांगो पर दिए गए समय के अनुसार कार्यवाही नही होती है तो आंदोलन तेज किया जायेगा। समाचार लिखे जाने तक प्रदर्शनकारी धरने पर बैठे थे।
इस मौके पर नगर पालिकाध्यक्ष विनोद डोभाल, अजवीन पंवार,प्यार चंद, सचिन कुमार, नवीन चमोली, रमित रावत, शीशपाल, मुकेश राणा, गिरीश आदि मौजूद रहे।
यूकेडी कार्यकर्ताओं ने दिया समर्थन
उत्तरकाशी। जिला योजना में हुई बंदरबांट को लेकर गत शुक्रवार दोपहर से धरने पर बैठे यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल व उनके समर्थकों को उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने भी अपना समर्थन दिया है। शनिवार दोपहर को यूकेडी की केन्द्रीय महामंत्री किरन रावत व पार्टी कार्यकर्ता धरना स्थल पहुंचे । उन्होंने विधायक की मांग को जायज बताया और जनहित के लिए अपना समर्थन दिया
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल

