तीन माह बाद भी लापता प्रमोद का सुराग नहीं, पैनखंडा के लोगों ने निकाली चेतावनी रैली

WhatsApp Channel Join Now
तीन माह बाद भी लापता प्रमोद का सुराग नहीं, पैनखंडा के लोगों ने निकाली चेतावनी रैली


गोपेश्वर, 27 नवम्बर (हि.स.)। चमोली जिले के ज्योतिर्मठ क्षेत्र में लगातार सामने आ रही घटनाओं और युवक प्रमोद सिंह रावत के तीन माह से लापता होने के मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से पैनखंडा के लोगों में आक्रोश बढ़ गया है। शुक्रवार को पैनखंडा क्षेत्र के लोगों ने चेतावनी रैली निकालकर पुलिस प्रशासन और सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर लापता युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने और अब तक की जांच का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की।

ग्राम सलूड-डुंग्रा निवासी मुकेश सिंह ने कहा कि उनका छोटा भाई प्रमोद सिंह रावत केदारनाथ घाटी में घोड़ा-खच्चर चलाने का काम करता था। वह स्यारी-बंगारी नंदानगर निवासी मदन सिंह के साथ काम करता था। बीते 26 अगस्त को दोनों सोनप्रयाग में थे। इसी दौरान खच्चर चोरी के आरोप में सोनप्रयाग थाने में शिकायत दर्ज हुई और पुलिस ने मदन सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

परिजनों के अनुसार गिरफ्तारी से पहले प्रमोद और मदन सिंह दो-तीन दिन तक मदन सिंह के घर पर साथ रहे थे। 6 सितंबर को लापता होने से पहले प्रमोद ने फोन पर अपनी पत्नी को बताया था कि उसे सुरेंद्र सिंह और मदन सिंह से खतरा है। उसने यह भी कहा था कि यदि उसके साथ कोई अनहोनी होती है तो इन दोनों को पकड़ा जाए। इसके बाद से प्रमोद का मोबाइल फोन बंद है और उसका कोई पता नहीं चल पाया है।

परिजनों का कहना है कि तीन माह बीतने के बावजूद पुलिस की ओर से न तो उन्हें जांच की प्रगति की जानकारी दी गई और न ही गुमशुदगी की रिपोर्ट (एफआईआर) की प्रति उपलब्ध कराई गई। ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि तीन दिन के भीतर एफआईआर दर्ज नहीं की गई तो उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। एसडीएम को सौंपे गए ज्ञापन में दस दिन के भीतर एफआईआर की प्रति और अब तक की जांच की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है।

इस दौरान भरत सिंह कुंवर, पेंग की प्रधान सुनीता देवी, प्रधान रीना देवी, दीपक राणा, अजीत कुंवर, विक्रम फरस्वाण, लक्ष्मण सिंह बुटोला समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784036 Articles

Share this story