सेवा संकल्प शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़

WhatsApp Channel Join Now
सेवा संकल्प शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़


पौड़ी गढ़वाल, 26 सितंबर (हि.स.)।विकासखंड कोट में शनिवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया और मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने प्रभारी मंत्री समेत अन्य अतिथियों का स्वागत किया। राजकीय इंटर कॉलेज कोट की छात्राओं ने स्वागत गीत की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम की शुरुआत को आकर्षक बनाया।

शिविर में पशुपालन, उद्यान, कृषि, शिक्षा, एनआरएलएम, परिवीक्षा, खाद्य, उद्योग, सहकारिता, स्वास्थ्य, मत्स्य, समाज कल्याण और सेवायोजन समेत विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं, स्वरोजगार, कृषि, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई।

गांव की जरूरत के अनुसार हो विकास की योजना

प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकार की योजनाओं और सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास कर रही है। इसके लिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय से काम करना होगा।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर माइक्रो लेवल पर जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। ग्राम स्तर पर ग्राम प्रधानों की भूमिका महत्वपूर्ण है। यदि प्रधान अपने गांव की आवश्यकताओं और समस्याओं को प्राथमिकता के साथ संबंधित विभागों के सामने रखकर समन्वय से कार्य करें तो विकास कार्यों को और गति मिल सकती है।

जनप्रतिनिधियों की भागीदारी जरूरी

जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला ने कहा कि सरकार की योजनाओं को सीधे जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अपने-अपने क्षेत्र में जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके।

विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि सुशासन की भावना को मजबूत करने के लिए सेवा संकल्प अभियान महत्वपूर्ण पहल है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं, बालिकाओं और किशोरों समेत समाज के विभिन्न वर्गों के लिए संचालित योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।

शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। कृषि विभाग की ओर से दो लाभार्थियों को चार-चार लाख रुपये के फार्म मशीनरी बैंक, एक लाभार्थी को जियोलाइन टैंक और चार लाभार्थियों को नैपसेक स्प्रे वितरित किए गए। ग्रामोत्थान परियोजना के तहत छह लाभार्थियों को चेक और दो लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट दी गईं।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख गणेश कोली, ज्येष्ठ प्रमुख उपेंद्र भट्ट, कनिष्ठ प्रमुख अनिल गुसाईं, जिला पंचायत सदस्य अनुज कुमार और आराधना देवी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख पूर्णिमा नेगी, ब्लॉक प्रधान संघ अध्यक्ष हिम्मत सिंह नेगी, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, डीएसटीओ राम सलोने समेत विभिन्न विभागों के कर्मचारी शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story