महिला सशक्तिकरण मंत्री ने बजट का 30 फीसदी धन महिलाओं के लिए आरक्षित करने का दिया सुझाव
देहरादून, 20 जनवरी (हि.स.)। उत्तराखंड राज्य की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने राज्य के मुख्य सचिव को एक पत्र लिख कर आगामी बजट में महिलाओं के लिए 30 फीसदी धन आरक्षित करने का सुझाव दिया है।
मंगलवार को मंत्री आर्या ने एक बयान जारी बताया कि महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए अधिक धन की आवश्यकता है। प्रदेश में लगभग दो दशक से जेंडर बजटिंग लागू है, लेकिन शुरू में इसमें बजट का कम हिस्सा दिया जाता था। पत्र में उन्होंने यह भी लिखा कि हर विभाग में महिला केंद्रित योजनाओं के लिए 30 फीसदी धन आरक्षित करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले पांच साल में जेंडर बजट लगातार बढ़ाया है। उत्तराखंड में पिछले पांच वर्षों में जेंडर बजट का औसत 14-16 फीसदी रहा है। 2021-22 में यह लगभग 12 फीसदी था, जो 2022-23 में 13.77 फीसदी और 2023-24 में 14 फीसदी पहुंचा। वर्ष 2024-25 में जेंडर बजट 16 फीसदी और 2025-26 में कुल बजट 1,01,175 करोड़ में इसका हिस्सा लगभग 17 फीसदी था।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

