उत्तराखंड में 25 लाख रुपये की एमडीएमए बरामद, तीन गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड में 25 लाख रुपये की एमडीएमए बरामद, तीन गिरफ्तार


टनकपुर, 01 सितंबर (हि.स.)। पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने टनकपुर में तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 244.06 ग्राम एमडीएमए बरामद की है। पुलिस के अनुसार, बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 25 लाख रुपये है और यह वर्ष 2026 में राज्य में एमडीएमए की अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी है।

एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की कुमाऊं इकाई ने कोतवाली टनकपुर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में यह कार्रवाई की। पुलिस ने मंगलवार काे बताया कि आरोपियों की गतिविधियों के संबंध में तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर जानकारी जुटाई गई थी।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान इमरान, आशीष और अभिषेक, सभी निवासी रुद्रपुर, ऊधमसिंह नगर जिले के रूप में हुई है। उनके कब्जे से एमडीएमए के अलावा एक टीवीएस मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपितों से पूछताछ कर मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए उनके आगे और पीछे के संपर्कों (फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेज) की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान एमडीएमए की आपूर्ति के स्रोत और संभावित खरीदारों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है।

गाैरतलब है कि एमडीएमए एक सिंथेटिक ड्रग है जो उत्तेजक और मतिभ्रम दोनों तरह के प्रभाव पैदा करता है। इसके सेवन से शरीर का तापमान अचानक खतरनाक स्तर तक बढ़ सकता है, जिससे अंग फेल होने का खतरा रहता है। भारत समेत दुनिया के अधिकांश देशों में एमडीएमए का सेवन, खरीदी, बिक्री और वितरण पूरी तरह अवैध है और इसके लिए सख्त कानूनी सजा का प्रावधान है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story