नैनीताल झील के संरक्षण के लिए स्थानों पर कुर्बानी रोकने और की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
नैनीताल झील के संरक्षण के लिए स्थानों पर कुर्बानी रोकने और की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन


नैनीताल, 25 मई (हि.स.)। नैनीताल में बकरा ईद के दौरान खुले स्थानों पर होने वाली कुर्बानी और उससे फैलने वाले प्रदूषण को लेकर मल्लीताल निवासी सामाजिक कार्यकर्ता नितिन कार्की ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजकर आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं नगर पालिका परिषद नैनीताल को भी प्रेषित की गई है।

ज्ञापन में कहा गया है कि नैनीताल एक अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त पर्यटन एवं धार्मिक नगर होने के साथ-साथ अत्यंत संवेदनशील पारिस्थितिक क्षेत्र भी है। नैनीताल झील नगर की प्रमुख प्राकृतिक धरोहर है, जिसकी स्वच्छता और संरक्षण प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि उत्तराखंड उच्च न्यायालय द्वारा पूर्व में नैना देवी मंदिर क्षेत्र सहित नगर की धार्मिक एवं पर्यावरणीय संवेदनशीलता को देखते हुए पशुबलि संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। नंदा देवी महोत्सव के दौरान प्रशासन सार्वजनिक स्थानों पर बलि एवं प्रदूषण रोकने के लिए विशेष व्यवस्था भी लागू करता है।

नितिन कार्की ने कहा कि विगत वर्षों में बकरा ईद के अवसर पर कुछ स्थानों पर खुले क्षेत्रों, गलियों एवं नालों के समीप कुर्बानी किए जाने से रक्त एवं जैविक अपशिष्ट नालों के माध्यम से नैनीताल झील तक पहुंचने की आशंका बनी रहती है, जिससे पर्यावरण और जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसलिये मांग की गई है कि खुले स्थानों, सार्वजनिक मार्गों और नालों के आसपास पशु कुर्बानी पर प्रतिबंध लगाया जाए व कुर्बानी केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित वैध वधशालाओं में ही सुनिश्चित की जाए।

साथ ही नगर में सार्वजनिक सूचना बोर्ड लगाए जाएं और झील एवं नालों को प्रदूषित करने वालों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाए। इसके अतिरिक्त नगर पालिका, पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त निगरानी टीम गठित कर त्योहारों के दौरान विशेष स्वच्छता एवं निरीक्षण अभियान चलाने की भी मांग की गई है। उल्लेखनीय है कि नितिन कार्की भाजपा के नैनीताल नगर मंडल के अध्यक्ष और उच्च न्यायालय में अधिवक्ता भी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story