पौड़ी में डिजिटल प्रणाली पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न
पौड़ी गढ़वाल, 21 फ़रवरी (हि.स.)।जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत जिला कार्यालय सभागार में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन हो गया। कार्यशाला में नामित चार्ज अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों को डिजिटल प्रणाली के अनुरूप कार्य करने का प्रशिक्षण दिया गया। उल्लेखनीय है कि पिछली जनगणना वर्ष 2011 में हुई थी, जबकि अब जनगणना-2027 दो चरणों में संपन्न कराई जाएगी।
पहला चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का होगा, जो वर्ष 2026 में संचालित किया जाएगा। दूसरा चरण जनसंख्या गणना का होगा, जिसे वर्ष 2027 में पूरा किया जाएगा। जनगणना कार्य निदेशालय देहरादून से आए मास्टर ट्रेनर शिव कुमार ने बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी। प्रगणक एवं पर्यवेक्षक मोबाइल एप के माध्यम से आंकड़े संकलित करेंगे तथा संचालन और निगरानी के लिए जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली पोर्टल का उपयोग किया जाएगा। इससे आंकड़ों की गुणवत्ता और सटीकता में सुधार की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि प्रशासनिक व्यवस्था के तहत जनपद की प्रत्येक तहसील और नगर को अलग-अलग जनगणना चार्ज के रूप में चिन्हित किया गया है। प्रत्येक चार्ज में एक चार्ज अधिकारी नामित किया गया है, जो भू-चिह्नीकरण, मकान सूचीकरण खंड निर्माण, सीमाओं के निर्धारण तथा क्षेत्रीय निगरानी का दायित्व निभाएगा। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना प्रक्रिया, प्रपत्र भरने की विधि, क्षेत्र निर्धारण, वेब मानचित्रण, क्रिएटर एप के उपयोग तथा रिपोर्टिंग प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई।
जनगणना कार्य निदेशालय देहरादून से मास्टर ट्रेनर कमल कर्नाटक ने बताया कि राज्य में प्रथम चरण का कार्य 25 अप्रैल 2026 से 24 मई 2026 तक चलेगा। 10 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक स्व-गणना की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिसके तहत परिवार वेब पोर्टल पर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे, जिसका बाद में प्रगणक द्वारा सत्यापन किया जाएगा। द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना 09 फरवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक कराई जाएगी। हिमाच्छादित क्षेत्रों में विशेष प्रावधान के तहत यह कार्य 11 सितंबर 2026 से 30 सितंबर 2026 तक संपन्न किया जाएगा।
इस अवसर पर तहसीलदार पौड़ी दीवान सिंह राणा, यमकेश्वर के तहसीलदार वैभव जोशी, अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी हेमंत काला, थलीसैंण के अधिशासी अधिकारी दीपक प्रताप
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

