कार्यकर्ता मिलन और सदस्यता अभियान के दौरान निकाली विशाल रैली

WhatsApp Channel Join Now
कार्यकर्ता मिलन और सदस्यता अभियान के दौरान निकाली विशाल रैली


कार्यकर्ता मिलन और सदस्यता अभियान के दौरान निकाली विशाल रैली


नई टिहरी, 19 सितंबर (हि.स.)। सेवा पखवाड़ा और संकल्प अभियान के तहत भाजपा के वरिष्ठ नेता दर्शन लाल आर्य के नेतृत्व में कार्यकर्ता मिलन और सदस्यता अभियान चलाया गया। इस दौरान भाजपाईयों ने शहर में विशाल रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। घनसाली जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष संदीप आर्य ने समर्थकों समेत भाजपा का दामन थामा। इसके अलावा 50 से अधिक जनप्रतिनिधि भी भाजपा में शामिल हुए।

शनिवार को भाजपा के संकल्प अभियान का जिले प्रभारी अनिल गोयल और जिलाध्यक्ष उदय रावत ने शुभारंभ किया। पार्टी कार्यकर्ताओं नगर क्षेत्र में रैली निकाल कर पीएम मोदी और सीएम धामी के नारे लगाए। प्रभारी गोयल और जिलाध्यक्ष रावत ने कहा कि जिस तरह से जन सैलाब भाजपा की रैली और सभा में उमड़ी है, उससे साफ है कि जनता भाजपा सरकार के काम से खुश है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर सरकार की योजनाओं और पार्टी की रीति व नीति को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

युवा नेता संदीप आर्य ने भाजपा में शामिल होने के बाद कहा कि वह विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता रह चुके हैं। स्वास्थ्य और शिक्षा के मुद्दों को लेकर उनका संघर्ष रहा है। अब राजनीतिक स्तर पर भी इन मुद्दों को लेकर प्रयासरत रहेंगे। हालांकि कार्यक्रम के दौरान भाजपाइयों की अंदरूनी नाराजगी मंच पर देखने को मिली।

वरिष्ठ नेता साहब सिंह कुमाई ने कहा कि वर्षों बाद पुराने कार्यकर्ता एक मंच पर आए हैं। उन्होंने विधायक पर उपेक्षा का आरोप लगाया। वहीं मीना नेगी ने नाराजगी जताई। विधायक शक्ति लाल शाह ने कहा कि जिस पद पर हैं वहां पहुंचने के लिए कड़ी तपस्या करनी पड़ती है। नए कार्यकर्ता भी ऐसी तपस्या कर पार्टी को मजबूती दें। कार्यक्रम संयोजक दर्शन लाल आर्य ने कहा कि उनका उद्देश्य पार्टी की सेवा करना है। पार्टी जिस रूप में उनसे सेवा लेगी वे तैयार हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story