हल्द्वानी में कल मल्लिकार्जुन खरगे की मेगा रैली, कांग्रेस ने झोंकी पूरी ताकत

WhatsApp Channel Join Now
हल्द्वानी में कल मल्लिकार्जुन खरगे की मेगा रैली, कांग्रेस ने झोंकी पूरी ताकत


हल्द्वानी , 07 अगस्त (हि.स.)। हल्द्वानी का सियासी तापमान तेज हो गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की शनिवार (8 अगस्त) को प्रस्तावित जनसभा से एक दिन पहले पार्टी ने हल्द्वानी के नैनीताल रोड स्थित सौरभ होटल में प्रेस वार्ता कर अपनी चुनावी रणनीति और सरकार के खिलाफ हमलों की धार तेज कर दी है।

प्रेस वार्ता में उत्तराखंड कांग्रेस की प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, मनोज यादव सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि रामलीला मैदान में होने वाली खरगे की जनसभा में 20 हजार से अधिक लोग जुटेंगे और यह रैली उत्तराखंड विधानसभा चुनाव का औपचारिक चुनावी शंखनाद साबित होगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री खुद अपने लिए सुरक्षित सीट तलाश रहे हैं। उनका कहना था कि भाजपा सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है और प्रदेश में बदलाव का माहौल बन चुका है।प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उत्तराखंड आज पेपर लीक की राजधानी बन गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है और सरकार रोजगार देने के बजाय परीक्षाओं को विवादों में उलझाने का काम कर रही है।वहीं करन माहरा ने कहा कि आने वाले दिनों में कोई हाकम बच्चों के हक पर डाका नहीं डाल सकता। अब जनता जाग गयी है और आगामी चुनाव में इस भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंकेगी।

कुमारी शैलजा ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन को बड़ा मुद्दा बताते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ने पहले भी अन्य राज्यों में मतदाता सूची को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को जनता के बीच मजबूती से उठाएगी।कांग्रेस प्रभारी ने भाजपा पर तीखे हमले करते हुए कहा कि जनता अब भाजपा की चाल और चरित्र को भली-भांति समझ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और आने वाले चुनाव में इसका असर दिखाई देगा।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शनिवार को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में होने वाली राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा ऐतिहासिक होगी। पार्टी का दावा है कि यह रैली न केवल संगठन की ताकत दिखाएगी बल्कि उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के अभियान का बड़ा संदेश भी देगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story