नाबालिग से गैंगरेप मामले में बड़ा एक्शन, त्रिशूल होमस्टे पर चला प्रशासन का बुलडोजर

WhatsApp Channel Join Now
नाबालिग से गैंगरेप मामले में बड़ा एक्शन, त्रिशूल होमस्टे पर चला प्रशासन का बुलडोजर


हल्द्वानी , 24 नवंबर (हि.स.)। मुखानी थाना क्षेत्र के कटघरिया स्थित त्रिशूल होमस्टे में नाबालिग किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले के बाद प्रशासन ने अब बड़ी कार्रवाई की है। सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर बनाए गए होमस्टे के अवैध हिस्से पर मंगलवार को प्रशासन का बुलडोजर चला। कार्रवाई के दौरान होमस्टे के किचन और स्टोर को ध्वस्त कर दिया गया। इससे पहले प्रशासन और पर्यटन विभाग होमस्टे को सील कर चुके थे।

सिटी मजिस्ट्रेट और एसडीएम के निर्देश पर प्रशासन की टीम ने यह कार्रवाई की। जांच में सामने आया था कि त्रिशूल होमस्टे में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर अवैध निर्माण किया गया है। इसके बाद प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से बनाए गए हिस्से को ध्वस्त कर दिया।नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के बाद आया था चर्चा में गौरतलब है कि कटघरिया स्थित इसी त्रिशूल होटल में नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया था।

परिजनों की शिकायत पर मुखानी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की थी। पुलिस ने इस मामले में धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों में धीरज बिष्ट एमबीपीजी कॉलेज के 2026 के छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी की ओर से अध्यक्ष पद का प्रत्याशी रहा था।

पुलिस जांच में होटल में पहचान पत्रों की समुचित जांच किए बिना कमरा उपलब्ध कराने का मामला भी सामने आया था। होटल प्रबंधन की भूमिका की जांच की गई और प्रशासन तथा पर्यटन विभाग ने होमस्टे को पहले ही सील कर दिया था।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782263 Articles

Share this story