सोनप्रयाग में महिला तीर्थयात्री की तबीयत बिगड़ने से मौत

WhatsApp Channel Join Now

गुप्तकाशी, 11 जून (हि.स.)। केदारनाथ यात्रा पर आई बिहार की एक महिला तीर्थयात्री की तबीयत बिगड़ने के कारण मृत्यु हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिहार के आरा जिले के सैदपुर निवासी 56 वर्षीय आरती देवी, पत्नी घनश्याम सिंह, यात्रा के दौरान अस्वस्थ होने के कारण बुधवार को सोनप्रयाग स्थित होटल दीपकिशन में रुक गई थीं।

बताया गया कि महिला की खराब स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए परिजनों ने उन्हें होटल में ही विश्राम करने की सलाह दी और देखभाल के लिए चालक को वहीं छोड़कर स्वयं केदारनाथ धाम के दर्शन के लिए रवाना हो गए थे।

आज सुबह अचानक उनकी तबीयत अधिक बिगड़ गई। इसके बाद चालक उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनप्रयाग लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष नीलाभ खाली ने बताया कि शव का पंचनामा भरा जा चुका है, परिजनों के आने के बाद पी एम के लिए शव को भेजा जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / बिपिन

Share this story