महिला कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन, तीन साल के कार्यकाल को बताया फ्लॉप

WhatsApp Channel Join Now
महिला कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन, तीन साल के कार्यकाल को बताया फ्लॉप


देहरादून, 26 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस ने महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, यूसीसी से लिव-इन-रिलेशन का प्रावधान हटाने और विधानसभा व लोकसभा में 33 फीसद आरक्षण की मांग को लेकर देहरादून में प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च निकाला, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया, जिसके बाद वे सड़क पर धरने पर बैठ गईं।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आज महिला कांग्रेस कर्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में दिलाराम स्थित सेन्ट्रियो मॉल पर एकत्र होकर वहां से नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया, लेकिन उन्हें मुख्यमंत्री आवास पहुंचने से पहले ही रोक दिया गया। राष्ट्रपति को भेजे ज्ञापन में प्रदेश महिला अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि भ्रष्टाचार और भयमुक्त के वायदे पर अमल करने में सरकार पूरी तरह नाकाम रही है। राज्य सरकार के तीन वर्ष के कार्यकाल में राज्य में हत्या, लूटपाट, चोरी, डकैती, बलात्कार, चेन स्नैचिंग, टप्पेबाजी आदि अपराधों की घटनाओं में भारी वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्ष के कार्यकाल में महिलाओं और नाबालिग के साथ जितने अत्याचार और बलात्कार हुए हुए हैं। उसने अब तक के सारे रिकार्ड तोड़ दिये हैं।

अंकिता भंडारी हत्याकांड में भाजपा नेता की संलिप्तता और हत्याकांड के लिए जिम्मेदार वीआईपी का नाम भाजपा सरकार तीन साल में उजागर नहीं कर पाई है। अंकिता भंडारी, हेमा नेगी, पिंकी हत्याकांड के साथ ही बहादराबाद बलात्कार और हत्याकांड के पीड़ितों को भाजपा सरकार न्याय नहीं दिला पाई। उन्होंने कहा कि बहादराबाद में भाजपा नेता पर दलित युवती के बलात्कार के बाद हत्या का आरोप लगा है, नैनीताल में दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा पर बलात्कार का आरोप, अल्मोड़ा में भाजपा नेता भगवत सिंह बोरा पर नाबालिग के साथ छेड़छाड का आरोप है। धरना स्थल पर आयोजित सभा में महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यूसीसी से लिव-इन-रिलेशनशिप जैसे प्रावधानों को हटाया जाए।

प्रदर्शन में प्रदेश महिला उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, महानगर अध्यक्ष उर्मिला ढौडियाल थापा, महासचिव सुशीला बेलवाल, पुष्पा पंवार, निधि नेगी, अनुराधा तिवारी, मीना शर्मा, जया कर्नाटका, जिलाध्यक्ष खष्टी बिष्ट, राधा बिष्ट, नन्दा बिष्ट, गीता पंवार, आशा रावत, मोनिका ढाली, भावना भट्ट, मुन्नी बिष्ट, शोभा बडोनी, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह आदि मौजूद रही।

---

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pokhriyal

Share this story

News Hub