सुशीला तिवारी अस्पताल के नजदीक के मेडिकल स्टोरों पर छापा कई मेडिकल स्टोरो पर अनियमितताएं पाई गई

WhatsApp Channel Join Now
सुशीला तिवारी अस्पताल के नजदीक के मेडिकल स्टोरों पर छापा कई मेडिकल स्टोरो पर अनियमितताएं पाई गई


सुशीला तिवारी अस्पताल के नजदीक के मेडिकल स्टोरों पर छापा कई मेडिकल स्टोरो पर अनियमितताएं पाई गई


हल्द्वानी , 31 मई (हि.स.)। आमजन के स्वास्थ्य से जुड़े प्रतिष्ठानों में नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई की है।

उप जिलाधिकारी हल्द्वानी, पुलिस उपाधीक्षक हल्द्वानी तथा औषधि एवं चिकित्सा विभाग की संयुक्त टीम ने सुशीला तिवारी चिकित्सालय के निकट स्थित मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शुभ मेडिकल स्टोर और रेहमान मेडिकल स्टोर की जांच की गई। टीम ने दवाओं के क्रय-विक्रय अभिलेख, नियंत्रित औषधियों के रख-रखाव, लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों तथा औषधि विक्रय से जुड़े अन्य वैधानिक प्रावधानों का गहन परीक्षण किया।

जांच में रेहमान मेडिकल स्टोर में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। प्रतिष्ठान में प्रिस्क्रिप्शन फाइल एवं रजिस्टर उपलब्ध नहीं पाए गए, सीसीटीवी कैमरे स्थापित नहीं थे और आवश्यक अभिलेख भी अपूर्ण मिले। इसके अलावा निरीक्षण के समय फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति भी पाई गई। इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए ड्रग इंस्पेक्टर ने मौके पर ही रेहमान मेडिकल स्टोर के औषधि क्रय-विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी।

संयुक्त निरीक्षण दल ने दोनों मेडिकल स्टोर संचालकों को निर्धारित समयावधि के भीतर सभी अभिलेख अद्यतन करने तथा पाई गई कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े प्रतिष्ठानों में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और औषधियों का विक्रय केवल निर्धारित मानकों एवं वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप ही किया जाना चाहिए।प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story