नैनीताल जनपद में लंपी वायरस की दस्तक, तीन पशु संक्रमित

WhatsApp Channel Join Now
नैनीताल जनपद में लंपी वायरस की दस्तक, तीन पशु संक्रमित


नैनीताल, 03 सितंबर (हि.स.)। नैनीताल जनपद में लंपी विषाणु से त्वचा रोग के तीन मामले सामने आने के बाद पशुपालन विभाग ने टीकाकरण और जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। जनपद में अब तक 1,22,301 पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है। जांच के लिए भेजे गए 42 नमूनों में से 12 की रिपोर्ट प्राप्त हुई है, जिनमें तीन नमूने संक्रमित मिले हैं। दो राजपुरा गौशाला व एक गोविंदपुर गढ़वाल का है।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव सिंह के अनुसार संक्रमण की रोकथाम के लिए जिले में 163 टीमें तैनात की गई हैं। टीमें गांव-गांव जाकर पशुओं का टीकाकरण, सर्वे और दवा वितरण कर रही हैं। संक्रमण को अन्य क्षेत्रों में फैलने से रोकने के लिए बाहरी राज्यों और अन्य स्थानों से महिषवंशी व गौवंशीय पशुओं के परिवहन पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।

इसी कड़ी में गुरुवार तीन सितंबर को रामनगर में आयोजित जनजागरूकता एवं टीकाकरण शिविर में पशुपालकों को बीमारी के लक्षण और बचाव की जानकारी दी गई। विभाग ने पशुपालकों से बीमार पशु को तत्काल अलग रखने, पशुशाला की साफ-सफाई और कीट नियंत्रण के साथ समय पर टीकाकरण कराने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story