95.95 लाख रूपये संवरेगा कीर्तिनगर का लाेस्तू महादेव धाम: कंडारी

WhatsApp Channel Join Now
95.95 लाख रूपये संवरेगा कीर्तिनगर का लाेस्तू महादेव धाम: कंडारी


नई टिहरी, 20 अगस्त (हि.स.)। देवप्रयाग विधानसभा के कीर्तिनगर क्षेत्र में आस्था के प्रमुख केंद्र लोस्तू महादेव मंदिर के अवस्थापना विकास के लिए सरकार ने 95.95 लाख रूपये की वित्तीय स्वीकृति दी है। मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण कार्य का विधायक विनोद कंडारी ने विधिवत शिलान्यास किया।

वीरवार को विधायक कंडारी ने सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास करते हुए कहा कि कार्य पूरा होने के बाद लोस्तू महादेव धाम का स्वरूप और अधिक आकर्षक व सुविधाजनक होगा। इससे यहां धार्मिक पर्यटन को और गति मिलेगी। कहा कि क्षेत्र के धार्मिक एवं पौराणिक स्थलों का संरक्षण, संवर्धन और विकास भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। यह केंद्र केवल धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि समृद्ध सांस्कृतिक एवं पौराणिक विरासत के प्रतीक भी हैं।

सौंदर्यीकरण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों ने खुशी जताई है। उम्मीद जताई कि मंदिर के विकास से क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी। विधायक ने कार्यदायी संस्था को सभी कार्य गुणवत्ता और समय से पूरा करने के निर्देश दिए। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख विनोद बिष्ट, देवप्रयाग पालिकाध्यक्ष ममता देवी, ग्राम प्रधान गहड़ उषा देवी, भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र रावत, कुलदीप रावत, ब्रिगेडियर प्रभात भंडारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story