धोखाधड़ी और घटतौली के मामलों में फरार दो वारंटी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 17 जून (हि.स.)। जनपद पुलिस ने धोखाधड़ी, घटतौली और आबकारी अधिनियम से जुड़े मामलों में फरार चल रहे दो वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर जनपद में ऑपरेशन प्रहार के तहत फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सभी थाना प्रभारियों को न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंटों की तामील करने के निर्देश दिए गए हैं।

थाना देवप्रयाग पुलिस टीम ने धोखाधड़ी और आबकारी अधिनियम के मामले में फरार चल रहे वारंटी लोकेश थापा को कोटद्वार से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ न्यायालय में भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468 और आबकारी अधिनियम की धारा 60 के अंतर्गत मामला दर्ज था।

वहीं कोतवाली कोटद्वार पुलिस टीम ने बाट-माप तोल अधिनियम से जुड़े मामले में फरार वारंटी नईम को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एसीजेएम कोटद्वार न्यायालय ने वारंट जारी किया गया था।

पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अभियान के दौरान पुलिस टीम में उप निरीक्षक राकेश चौधरी, उप निरीक्षक विनोद चपराणा, हेड कांस्टेबल बुद्धि बल्लभ सिंह और हेड कांस्टेबल करण यादव शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story