लोकसभा चुनाव : डॉ.निशंक बोले, देश आज रामराज की ओर अग्रसर

WhatsApp Channel Join Now
लोकसभा चुनाव : डॉ.निशंक बोले, देश आज रामराज की ओर अग्रसर


-चुनाव घोषणा पत्र के अधिकांश संकल्प धामी ने किये पूरे

देहरादून, 01 अप्रैल (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमेश पोखरियाल निशंक ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज देश रामराज की तरफ अग्रसर है। एक तरफ भ्रष्टाचारियों और परिवारवाद को बचाने वाले हैं दूसरी तरफ भ्रष्टाचार एवं परिवारवाद मिटाने वाले प्रधानमंत्री मोदी हैं।

हरिद्वार रोड स्थित लोकसभा चुनाव के लिए स्थापित मीडिया सेंटर में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि मोदी ने अपने चमत्कारिक कार्यों से इन 10 वर्षों में देश की छवि बदलने का काम किया है। उन्होंने सबका साथ, सबका विकास के साथ 5 वर्ष काम किया, जिसके बाद उसे आगे बढ़ाते हुए सबका प्रयास और सबका विश्वास को भी हम अमल पर लाए। आज विकास, जनकल्याण और देश की साख को लेकर जमीन आसमान का अंतर आ गया है, जितना काम 50 साल में कांग्रेस सरकारों ने किया उससे कई अधिक काम हमारी सरकार ने 10 साल में किए हैं।

उन्होंने कहा कि जिस राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू करने वाले हम पहला राज्य बने हैं, वह स्वर्णिम भारत की आधारशिला रखने वाली होगी। देश ने कांग्रेस का वो दौर भी देखा है, जिसमें भारत और उसके प्रधानमंत्री को दुनिया गंभीरता से नहीं लेती थी। आज दुनिया के प्रत्येक महत्वपूर्ण निर्णय पर मोदी और भारत की राय बेहद अहम होती है। आज दुनिया के किसी भी कोने में रहने वाली भारतीय पूरी तरह सुरक्षित है। साथ हमने अपने ही नही दूसरे देशों के नागरिकों को भी बचाने का काम किया है ।

उन्होंने 108 का जिक्र करते हुए कहा कि हमारी इस शुरुआत को देश दुनिया ने अपनाया।इसी तरह आयुष्मान योजना 8 लाख से अधिक लोगों का जीवन बचाने का काम कर रही है। जल, जमीन ओर आसमान में हमें दूरियों को कम करने का काम किया बल्कि चांद पर भी छलांग लगाने का काम किया है।

उन्होंने दिल्ली में हुई इंडी गठबंधन की रैली को जलसा बताते हुए कहा कि एक तरफ मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा देश से भ्रष्टाचार और परिवारवाद हटाने के लिए आगे बढ़ रही है वहीं दूसरी ओर भ्रष्टाचारियों एवं परिवारवाद को बचाने वाले लोग एकत्र हो रहे हैं। आज कांग्रेस अपने भ्रष्टाचार और गलत कामों के लिए न्यायालय का सामना करने वाले लोग लोकतंत्र हनन का आरोप लगा रही है। ये वही लोग हैं जिन्होंने देश पर आपातकाल थोप कर लोकतंत्र की हत्या करने का काम किया था।

उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा इस बार भी देवभूमि की जनता ने पांचों सीटों पर पांच लाख के अंतर से कमल खिलाने का मन बनाया हुआ है। आज सभी पार्टियों खाली हो रही हैं और समाज का प्रत्येक वर्ग भाजपा से जुड़ना चाहता है क्योंकि विकसित भारत के मिशन में सहयोग के लिए सभी आगे आना चाहते हैं।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल,प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी,कैंट विधायक सविता कपूर,सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी,मानिक निधि शर्मा,संजीव वर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/रामानुज

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764645 Articles

Share this story