लोहाघाट सड़क हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश
चंपावत (लोहाघाट), 5 दिसंबर (हि.स.)। पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार देर रात लगभग 2:30 बजे बागधारा क्षेत्र के पास बारातियों से भरी बोलेरो कार 200 मीटर गहरी खाई में गिरने से बड़ा हादसा हो गया। वाहन बालातड़ी गांव से विवाह समारोह समाप्त कर शेराघाट की ओर लौट रहा था। दुर्घटना में पाँच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
अपर जिलाधिकारी चंपावत कृष्णनाथ गोस्वामी ने बताया कि मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये की राहत राशि प्रदान कर दी गई है व घायलों की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर उन्हें भी राहत राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि दुर्घटना की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दे दिए गए हैं और कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित उपचार हेतु आवश्यक चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घटना की जानकारी भी ली है। दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे ने भी दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया और कहा कि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सड़कों की सुरक्षा और यातायात अनुशासन पर विशेष ध्यान आवश्यक है।
घटनास्थल पर रेस्क्यू अभियान के दौरान एसपी चंपावत अजय गणपति, एसडीएम चंपावत अनुराग आर्य, एसडीएम लोहाघाट नीतू डांगर, सीओ शिवराज सिंह राणा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, थाना अध्यक्ष लोहाघाट अशोक कुमार, एआरटीओ मनोज बगोरिया सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
दुर्घटना पर मुख्यमंत्री प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल महरा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष चिराग फर्त्याल, पालिका अध्यक्ष लोहाघाट गोविंद वर्मा, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष ललित मोहन कुंवर सहित कई जनप्रतिनिधियों व सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

