पिकअप-स्कूटी की आमने-सामने भिड़ंत में 25 वर्षीय युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
पिकअप-स्कूटी की आमने-सामने भिड़ंत में 25 वर्षीय युवक की मौत


पौड़ी गढ़वाल, 08 अक्टूबर (हि.स.)।पौड़ी-श्रीनगर मोटर मार्ग पर बैंग्वाड़ी गांव के समीप गुरुवार को पिकअप वाहन और स्कूटी की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में स्कूटी सवार 25 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 आपातकालीन सेवा को सूचना दी और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल पौड़ी भेजा गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।

हादसा इतना गंभीर था कि स्कूटी सवार युवक को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत लगातार बिगड़ती रही। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान अनुपम नेगी (25) पुत्र स्व. अर्जुन सिंह नेगी, निवासी सर्किट हाउस, बैंग्वाड़ी के रूप में हुई है। युवक की मौत की खबर जैसे ही परिजनों और ग्रामीणों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया। अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। युवा बेटे की मौत से परिजन सदमे में हैं।

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाल जयपाल नेगी ने बताया कि वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story