गुलदार के आतंक से निजात दिलाने के लिए दिया धरना

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 27 फ़रवरी (हि.स.)। गढ़वाल वन प्रभाग की पौड़ी नागदेव रेंज में गुलदार के हमले थमने का नाम नहीं ले रहे है। गुलदार की दहशत से निजात दिलाने की मांग को लेकर शुक्रवार को स्थानीय ग्रामीणों व शहरवासियों ने डीएम कार्यालय के बाहर सांकेतिक धरना दिया। धरना शनिवार को भी जारी रहेगा। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने लापरवाह अफसरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने व गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की। इस दौरान ग्रामीणों व स्थानीय लोगों ने वन विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

शुक्रवार को डीएम कार्यालय के बाहर धरना देते हुए ग्राम प्रधान चवथ शंकर नौटियाल और सामाजिक कार्यकर्ता विनोद दनोसी ने कहा कि गजल्ड, बाड़ा और अब डोभा गांव के लोग गुलदार की दहशत में जी रहे हैं। यहां लगातार गुलदार की सक्रियता बनी हुई है लेकिन प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। कहा कि बीते चार दिसंबर को गजल्ड निवासी और 15 जनवरी को नेपाली मूल के एक व्यक्ति को गुलदार ने अपना शिकार बनाया था। वहीं बीते गुरुवार की शाम डोभा गांव में नेपाली मूल की एक महिला पर भी गुलदार ने हमला कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार घटनाओं के बावजूद वन विभाग प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रहा है। क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है और लोग शाम ढलते ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं।

आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग से वन्यजीवों से ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, वनाग्नि की घटनाओं पर रोक लगाने, सूखते जल स्रोतों और बढ़ती पेयजल किल्लत की समस्या का समाधान करने व लापरवाह और संवेदनहीन अफसरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की । ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। धरना देने वालों में ग्राम प्रधान धनाऊं कमल रावत, अरुणा कुमार, अनूप सिंह, मोहित सिंह, भरत सिंह आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story