मंगोली, बजून और रातीघाट में नहीं खुलेंगी शराब की दुकानें

WhatsApp Channel Join Now
मंगोली, बजून और रातीघाट में नहीं खुलेंगी शराब की दुकानें


नैनीताल, 05 अप्रैल (हि.स.)। सरोवर नगरी के समीपवर्ती मंगोली, बजून और रातीघाट क्षेत्रों में प्रस्तावित शराब की दुकानों के विरोध के बाद इन्हें अन्य स्थानों पर स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया है।

सत्तारूढ़ भाजपा के अलग-अलग वर्गों में इस पर श्रेय लेने के प्रयास भी दिख रहे हैं। एक वर्ग की ओर से बताया गया है कि नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के सांसद अजय भट्ट द्वारा इस संबंध में पूर्व से उठाई जा रही मांग पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सकारात्मक आश्वासन दिया था। जबकि दूसरे वर्ग की ओर से कहा गया है कि इस प्रकरण में क्षेत्रीय ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं द्वारा लगातार किये जा रहे विरोध प्रदर्शन के समर्थन में विधायक सरिता आर्या भी मौके पर पहुंची थीं।

उनके प्रयासों के बाद जिला अधिकारी द्वारा दुकानों को अन्यत्र स्थानांतरित करने के आदेश जारी किए गए हैं। विधायक सरिता आर्या ने बताया कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इन क्षेत्रों में शराब की दुकानें नहीं खोली जाएंगी। बहरहाल इस निर्णय से आंदोलनकारियों एवं क्षेत्रीय जनता में प्रसन्नता का वातावरण है और उन्होंने राहत की सांस ली है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story