रामलीला देखकर लौट रहे दो किशोरों पर गुलदार का हमला

WhatsApp Channel Join Now
रामलीला देखकर लौट रहे दो किशोरों पर गुलदार का हमला


नैनीताल, 22 अक्टूबर (हि.स.)। नैनीताल जनपद के बेतालघाट क्षेत्र में देर रात्रि रामलीला देखकर बाइक से घर लौट रहे दो किशोरों पर गुलदार ने हमला कर दिया। बीती देर रात हुई इस घटना में चापड़ गांव निवासी राहुल कुमार (16) और अनुज कुमार (16) घायल हो गये। दोनों के शोर मचाने और पत्थर मारने पर गुलदार जंगल की ओर भाग गया। घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों किशोर बीती देर रात्रि खाना खाने के बाद रामलीला देखने गये थे। रात्रि लगभग 11 बजे वे बाइक से बेतालघाट से अपने गांव चापड़ लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में झाड़ियों से निकले गुलदार ने उनके पैरों पर झपट्टा मार दिया। हमले से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गयी। दोनों किशोरों ने शोर मचाते हुए गुलदार पर पत्थर फेंके, जिसके बाद वह जंगल की ओर भाग गया।

चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेतालघाट पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गयी।

इसके अतिरिक्त एक अन्य घटना में बेतालघाट के सीमावर्ती छड़ा-खैरना क्षेत्र में भी गुलदार के द्वारा ग्रामीणों के सामने एक पालतू कुत्ते को उठाकर ले लाने की घटना सामने आयी है। इस घटना में सूचना मिलने पर अल्मोड़ा जनपद के रानीखेत वन विभाग की टीम वन क्षेत्राधिकारी तापस मिश्रा के नेतृत्व में चापड़ गांव पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

बताया गया है कि वन विभाग क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैप कैमरे लगाने की तैयारी कर रहा है। वन कर्मियों की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही है। विभाग की ओर से घायलों को नियमानुसार 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया भी की जा रही है। ग्रामीणों को रात के समय अकेले बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गयी है। एक साथ क्षेत्र में हुई इन घटनाओं से ग्रामीणों में भय बना हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765107 Articles

Share this story