देहरादून में शुरू हुई 'क्विक रिस्पॉन्स टीम' सेवा

WhatsApp Channel Join Now
देहरादून में शुरू हुई 'क्विक रिस्पॉन्स टीम' सेवा


-आपदा, जलभराव और आपातकालीन स्वच्छता के लिए पांच विशेष टीमें तैनात

देहरादून, 03 जुलाई (हि.स.)। देहरादून शहर में आपातकालीन स्वच्छता सेवाओं को अधिक प्रभावी और त्वरित बनाने की दिशा में नगर निगम ने शुक्रवार को क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) की शुरुआत की। इस पहल के तहत नगर निगम ने पांच विशेष वाहनों को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किया है, जो प्राकृतिक आपदाओं, सड़क दुर्घटनाओं, जलभराव और अन्य आपात स्थितियों में तत्काल राहत एवं सफाई कार्य सुनिश्चित करेंगे।

राज्य के शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा और महापौर सौरभ थपलियाल ने संयुक्त रूप से वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय, उप नगर आयुक्त तनवीर मरवाह, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आनंद कुमार शुक्ला, सहायक नगर आयुक्त राजबीर सिंह चौहान सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

नगर निगम के अनुसार, प्रत्येक क्विक रिस्पॉन्स टीम में छह प्रशिक्षित कार्मिक तैनात किए गए हैं। ये टीमें शहर में आपातकालीन स्वच्छता सेवाओं के संचालन, प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान त्वरित कार्रवाई तथा विशेष परिस्थितियों में तत्काल राहत और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करेंगी।

टीमों को आधुनिक उपकरणों और आवश्यक संसाधनों से लैस किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में बिना विलंब प्रभावी कार्रवाई की जा सके। प्रत्येक वाहन में ग्रास कटिंग मशीन, बेलचा, फावड़ा, गैंती, सब्बल, झाड़ी काटने की तलवार, कुल्हाड़ी, रस्सियां, सुरक्षा उपकरण तथा अन्य आवश्यक स्वच्छता एवं आपदा प्रबंधन सामग्री उपलब्ध कराई गई है।

क्यूआरटी सड़क दुर्घटनाओं या प्राकृतिक आपदाओं के बाद मलबा और कचरा हटाने, जलभराव वाले क्षेत्रों की सफाई, नालियों की आपात सफाई, सार्वजनिक स्थलों की विशेष सफाई, बड़े आयोजनों के दौरान अतिरिक्त स्वच्छता व्यवस्था तथा आग या अन्य आपदाओं के समय आवश्यक स्वच्छता सहायता उपलब्ध कराएगी। इसके अलावा आकस्मिक स्वच्छता संबंधी शिकायतों का भी त्वरित निस्तारण किया जाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा और महापौर सौरभ थपलियाल ने कहा कि नगर निगम की यह पहल नागरिकों को समयबद्ध और प्रभावी आपातकालीन स्वच्छता सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा आपदा एवं विशेष परिस्थितियों में राहत कार्यों की गति बढ़ेगी।

नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय ने बताया कि क्यूआरटी शिकायत या सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करेगी। नागरिकों की सुविधा के लिए नगर निगम ने टोल फ्री नंबर 1800-180-4571 जारी किया है, जिस पर संपर्क कर आपातकालीन स्वच्छता सेवाओं का लाभ लिया जा सकता है।

नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि आपातकालीन स्वच्छता, जलभराव, मलबा हटाने या अन्य विशेष परिस्थितियों से जुड़ी किसी भी समस्या की सूचना टोल फ्री नंबर 1800-180-4571 पर देकर क्यूआरटी की सेवाओं का लाभ उठाएं।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story