मांगों को लेकर आंदोलित लखवाड़ बांध के श्रमिक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
मांगों को लेकर आंदोलित लखवाड़ बांध के श्रमिक गिरफ्तार


नई टिहरी, 23 नवंबर (हि.स.)। यमुना नदी में निर्माणाधीन 300 मेगावाट लखवाड़ बांध परियोजना में कार्यरत श्रमिक लंबित मांगों को लेकर आंदोलनरत थे। सोमवार को पुलिस श्रमिकों को गिरफ्तार कर देहरादून जिले के अलग-अलग पुलिस थानों में लेकर गई है।

ज्ञात हो कि मानदेय बढ़ाने, श्रमिकों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने, मानकों के अनुरूप श्रमिकों को सुविधा देने, हटाए गए श्रमिकों की बहाली सहित अन्य मांगों को लेकर गत 10 दिनों से परियोजना क्षेत्र के लौहारी में धरने पर बैठे श्रमिकों को पुलिस ने जबरन वहां से उठा दिया। श्रम समिति के अध्यक्ष प्रदीप चौहान, भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष राजेश सजवाण ने कहा कि सोमवार को परियोजना में क्षेत्र में सुबह से भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

दोपहर 1 बजे पुलिस ने परियोजना क्षेत्र से श्रमिकों को हटाने का काम शुरू किया। इस दौरान श्रमिकों और पुलिस के बीच काफी तीखी नोक-झोक भी हुई। जब श्रमिक नहीं माने तो पुलिस ने जबरन श्रमिकों को वाहनों में भरकर देहरादून के कालसी, सहसपुर, प्रेमनगर थानों में ले गई। कहा कि श्रमिकों की अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलनरत थे, लेकिन शासन-प्रशासन और एलएनटी कंपनी प्रबंधन ने पुलिस के बल पर आंदोलन को तोड़ने का काम किया है।

परियोजना में अधिकांश श्रमिक बांध प्रभावित लोग हैं। कंपनी प्रबंधन की ओर कुछ दिन पूर्व श्रमिकों पर फर्जी मुकदमे दर्ज कर उनकी आवाज को दबाने का काम किया था। कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती है, श्रमिक पीछे नहीं हटेंगे। इस मौके पर सुमित चौहान, सुरेश रावत, रोहित चौहान, अशोक तोमर, प्रदीप पुंडीर, राजेश, सतीश तोमर, सुमित रमेश, अंकित आदि मौजूद थे।

इस बाबत कैंपटी थानाध्यक्ष प्रवीन बर्त्थवाल ने बताया कि कैंपटी थाने में किसी भी श्रमिक को नहीं लाया गया है। पुलिस सभी को देहरादून ले गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781886 Articles

Share this story