पद्मश्री डॉ. ललित के निधन पर कूटा ने जताया शोक

WhatsApp Channel Join Now
पद्मश्री डॉ. ललित के निधन पर कूटा ने जताया शोक


नैनीताल, 15 नवंबर (हि.स.)। पद्मश्री डॉ. ललित पांडे के 78 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उन्होंने अल्मोड़ा के बेस चिकित्सालय में अंतिम सांस ली। कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कूटा) ने उनके निधन को पहाड़ के लिए बड़ी क्षति बताते हुए कहा है कि उनके जाने से उत्तराखंड की आवाज कमजोर हुई है।

डॉ. ललित पांडे ने आईआईटी दिल्ली और एमआईटी विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद वर्ष 1984 में अल्मोड़ा लौटकर अपना जीवन उत्तराखंड के समाज और पहाड़ों के विकास के लिए समर्पित कर दिया था। पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, ग्रामीण विकास और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा।

उत्तराखंड सेवा निधि के माध्यम से उन्होंने पर्यावरण शिक्षा को विद्यालयों तक पहुंचाने, ग्रामीण पुस्तकालयों और बालवाड़ियों की स्थापना, महिला सशक्तीकरण, जल एवं स्वच्छता, वनीकरण, कृषि और ग्रामीण आजीविका के क्षेत्र में कार्य किया। उनके प्रयासों से प्रदेश के सैकड़ों गांवों और समुदायों को लाभ मिला।

कूटा की ओर से डॉ. ललित तिवारी, डॉ. नीलू, डॉ. दीपक, डॉ. युगल, डॉ. संतोष, डॉ. कुबेर गिनती, डॉ. अनिल बिष्ट, डॉ. दीपिका गोस्वामी और डॉ. अशोक कुमार सहित एलुमनी सेल के डॉ. बीएस कालाकोटी, डॉ. एसएस सामंत, डॉ. जीसी जोशी, ज्योति कांडपाल, डॉ. मीना पांडे और डॉ. भुवन आर्य ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777571 Articles

Share this story