कुंभ 2027 की तैयारी तेज, स्वर्गाश्रम क्षेत्र के घाटों का निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
कुंभ 2027 की तैयारी तेज, स्वर्गाश्रम क्षेत्र के घाटों का निरीक्षण


हरिद्वार, 28 मार्च (हि.स.)। आगामी कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने शनिवार को स्वर्गाश्रम क्षेत्र के गंगा घाटों का निरीक्षण किया। अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने क्षेत्रीय विधायक रेनू बिष्ट की मौजूदगी में घाटों की स्थिति और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान घाटों के चौड़ीकरण, नई सीढि़यों के निर्माण, रेलिंग-बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, चेंजिंग रूम और आपातकालीन निकास मार्ग जैसी व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

विधायक रेनू बिष्ट ने कहा कि कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए घाटों के विस्तार और नियमित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि घाटों के निर्माण, मरम्मत और अनुरक्षण से जुड़े कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। साथ ही घाटों पर स्वच्छता और सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत जौंक के सभासद, अधिशासी अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे और उन्होंने कुंभ की तैयारियों की जानकारी दी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story