कुमाऊं विश्वविद्यालय ने एक ही अधिसूचना में 258 परीक्षाफल घोषित कर रचा इतिहास

WhatsApp Channel Join Now
कुमाऊं विश्वविद्यालय ने एक ही अधिसूचना में 258 परीक्षाफल घोषित कर रचा इतिहास


नैनीताल, 26 मार्च (हि.स.)। नैनीताल स्थित कुमाऊं विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक प्रशासन में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार एक ही अधिसूचना के माध्यम से 258 परीक्षाफल घोषित किए हैं। यह विश्वविद्यालय के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा समेकित परीक्षा परिणाम प्रकाशन माना जा रहा है।

कुलपति प्रो. दीवान रावत ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025 के विषम सेमेस्टर के अंतर्गत मुख्य, बैक एवं पूर्व छात्र परीक्षाओं के परिणामों को एकीकृत कर यह प्रकाशन किया गया है। इस पहल से परिणाम घोषणा प्रक्रिया में तेजी आई है तथा विद्यार्थियों को समय पर परिणाम उपलब्ध हो सके हैं।

उन्होंने इसे विश्वविद्यालय की डिजिटल व्यवस्था, पारदर्शिता एवं प्रशासनिक दक्षता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक, परीक्षा विभाग, शिक्षकों एवं संबंधित महाविद्यालयों के समन्वित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार पंजीकृत विद्यार्थी आधिकारिक वेबसाइट एवं समर्थ पोर्टल के माध्यम से अपने परिणाम देख सकते हैं। इसके लिए प्रत्येक विद्यार्थी के लिए एबीसी आईडी अनिवार्य की गई है, जिससे डिजिटल एकीकरण एवं पारदर्शिता को बढ़ावा मिला है।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन विद्यार्थियों के परीक्षा आवेदन पत्र अथवा शुल्क ऑनलाइन प्राप्त नहीं हुए हैं, उनके परिणाम अस्थायी रूप से रोके गए हैं, जिन्हें आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद जारी किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story