कमिश्नर ने तीस भूमाफियाओं के खिलाफ दिए मुकदमा दर्ज करने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
कमिश्नर ने तीस भूमाफियाओं के खिलाफ दिए मुकदमा दर्ज करने के निर्देश


हल्द्वानी , 22 जून (हि.स.)। कुमाऊं कमिश्नर एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने सोमवार को सर्किट हाउस काठगोदाम में लैंड फ्रॉड कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती के अलावा नैनीताल एसएसपी मंजुनाथ टीसी,और ऊधम सिंह नगर के डीएम नितिन भदौरिया,एसएसपी अजय गणपति सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में भूमि धोखाधड़ी (लैंड फ्रॉड) से जुड़े कुल 77 मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। विभिन्न जिलों से प्राप्त मामलों की गहन समीक्षा के बाद कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने 30 मामलों में मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। दीपक रावत ने बताया कि लैंड फ्रॉड से जुड़े मामलों की रिपोर्ट जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के माध्यम से उनके पास पहुंचती है, जिसके बाद समिति द्वारा सभी मामलों की गंभीरता से समीक्षा की जाती है। उन्होंने कहा कि यदि सुनियोजित तरीके से भूमि धोखाधड़ी के कई मामले सामने आते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ संगठित अपराध के तहत भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करने और दोषियों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कदम उठाने के निर्देश दिए, ताकि भूमि धोखाधड़ी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story