कुमाऊं के चार स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन होंगे स्थापित

WhatsApp Channel Join Now
कुमाऊं के चार स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन होंगे स्थापित


नैनीताल, 21 मई (हि.स.)। उत्तराखंड के राज्यपाल सेवानिवृत्त ले. जनरल गुरमीत सिंह से गुरुवार को लोक भवन नैनीताल में उनके ग्रीष्मकालीन प्रवास के दौरान उजाला यानी उत्तराखण्ड न्यायिक एवं विधि अकादमी के निदेशक प्रदीप पंत तथा कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की गतिविधियों, योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी राज्यपाल को दी।

उत्तराखण्ड न्यायिक एवं विधि अकादमी के निदेशक प्रदीप पंत ने राज्यपाल को न्यायिक अधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों, विधिक जागरूकता अभियानों व न्यायिक क्षमता संवर्धन से जुड़े प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने न्यायिक प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में चल रहे प्रशिक्षण सत्रों पर भी विस्तार से चर्चा की। वहीं कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर ने पर्यटन परियोजनाओं, अवस्थापना सुविधाओं एवं मानव संसाधन संबंधी कार्यों की जानकारी साझा करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री के हालिया भ्रमण के बाद कुमाऊं क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हुई है।

उन्होंने चंपावत और बागेश्वर में साहसिक पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा टनकपुर, सूखाताल, खैरना और हल्द्वानी स्थित केएमवीएन के पर्यटक आवास गृहों में अगले दो माह में ईवी यानी इलेक्ट्रिकल वाहनों की चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाने की जानकारी भी दी।

राज्यपाल ने पर्यटन विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि दीर्घकालिक योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए, जिससे पर्यटन का सतत विकास हो और स्थानीय लोगों को अधिक लाभ मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story